यूपी में करीब चार महीने बाद होने वाले विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए आज शाम को कैबिनेट विस्तार किया जाएगा। कांग्रेस से भाजपा में शामिल हुए जितिन प्रसाद सहित सात मंत्रियों को शपथ दिलाई जाएगी। जितिन के अलावा, मंत्री पद की शपथ लेने वालों में पलटू राम, संजीव कुमार, संगीता बिंद, दिनेश खटिक, धर्मवीर प्रजापति और छत्रपाल गंगवार शामिल हैं।

दरअसल, चार महीने बाद होने वाले यूपी विधानसभा चुनाव को देखते हुए मंत्रिमंडल विस्तार को काफी अहम माना जा रहा है। यह लंबे समय से प्रतीक्षित था।

बता दें कि आठ जुलाई को हुए केंद्रीय मंत्रिमंडल के विस्तार में यूपी को खास तवज्जो दी गई थी। जिसमें जातीय गणित पर साधने का प्रयास किया गया था। यूपी से बनाए गए सात नए मंत्रियों में चार ओबीसी, दो दलित और एक ब्राह्मण समाज के थे। मोदी के कैबिनेट में यूपी का मजबूत प्रतिनिधित्व है। यह पहली बार है जब केंद्रीय कैबिनेट में यूपी से रिकॉर्ड 15 मंत्री बनाए गए हैं।