Ashok Bajpai

देश के गृह मंत्री राजनाथ सिंह के खिलाफ लखनऊ से समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी बनाए गए अशोक बाजपेयी आज भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए हैं। चार दिन के लखनऊ दौरे पर आए राजनाथ सिंह ने ही अशोक बाजपेयी को भाजपा में शामिल कराया है। अशोक बाजपेयी के साथ ही एक दर्जन नेता भी भाजपा में शामिल हुए हैं।

हरदोई के कद्दावर नेता अशोक बाजपेयी हरदोई के पिहानी से सात बार विधायक रहे चुके हैं। हाल ही में उन्होंने विधान परिषद सदस्य के पद से त्यागपत्र दिया था। वह मुलायम सिंह यादव के साथ ही समाजवादी पार्टी के संस्थापक थे।

समाजवादी पार्टी से सात बार विधानसभा में जाने वाले अशोक बाजपेयी आज लखनऊ में भाजपा में शामिल हो गए हैं। उनको राजनाथ सिंह के साथ ही भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य ने भाजपा की सदस्यता दिलाई। भाजपा कार्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री कलराज मिश्र भी मौजूद थे।

अशोक बाजपेयी के साथ ही लखनऊ पूर्व क्षेत्र से समाजवादी पार्टी की प्रत्याशी रहीं श्वेता सिंह ने भी भाजपा का सदस्यता ग्रहण कर ली है।

केशव प्रसाद मौर्य ने कहा है कि केंद्र की मोदी सरकार और प्रदेश की योगी सरकार बहुत अच्छा काम कर रही है। गुंडागर्दी और जातीय राजनीति करने वाली सपा-बसपा का अस्तिव खत्म हो रहा है। उन्होंने आगे कहा है कि अखिलेश यादव कहते हैं कि हम उनकी पार्टी तोड़ रहे हैं। पार्टी छोड़ कर बीजेपी का दामन थामने वाले नेताओं को देखकर विपक्ष डिप्रेशन में आ गया है। इस दौरान कलराज मिश्रा ने भी अशोक बाजपेयी के बीजेपी में शामिल होने पर उन्हें बधाई दी है। केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने सपा संरक्षक मुलायम सिंह के करीबी रहे अशोक बाजपेयी का भाजपा में आने पर उनका स्वागत किया है। उन्होंने भाजपा में शामिल होने वाले सभी कार्यकर्ताओं का स्वागत किया और उनको बधाई भी दी। अशोक बाजपेयी के साथ ही श्वेता सिंह ने भी भाजपा की सदस्यता ली।