Accident

उत्तर प्रदेश में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम ही नही ले रहा है। ताज़ा मामला यूपी के अलीगढ़ जनपद का है जहाँ शनिवार 16 सितम्बर को पत्थरों से भरे एक कैंटर की टाटा मैक्स गाड़ी से आमने सामने की टक्कर हो गई। इस भीषण टक्कर में चार लोगों की मौत हो गई।

हादसे में 14 लोग घायल-
अलीगढ़ में आज थाना गांधी पार्क के बौनेर तिराहे के पास एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। दरअसल पत्थरों से भरा एक कैटंर टाटा मैक्स गाड़ी से सीधे टकरा गया। इस दौरान मैक्स गाड़ी में करीब बीस लोग सवार थे। ये लोग शादी समारोह में भाग लेने के लिए अलीगढ़ आ रहे थे। इस दुर्घटना में जहाँ चार लोगों की मौत हो गई। वहीँ घटना में 14 लोग घायल हो गये। जिन्हें तत्काल जिला मलखान सिंह अस्पताल व मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया।

मृतकों में दो महिला सहित दो बच्चे शामिल-
बताया जा रहा है कि टाटा मैक्स में सवार लोग एटा के ढोलना से अलीगढ़ के लिए निकले थे। अलीगढ़ के जमालपुर में एक शादी में शामिल होने आ रहे थे।मगर इस बीच बौनेर तिराहे पर पत्थरों से भरे कैंटर ने सीधे मैक्स गाड़ी को टक्कर मार दी। इस टक्कर में मैक्स में सवार दो महिलाओं की मौके पर मौत हो गई। वहीं दो बच्चों ने भी अस्पताल में जाकर दम तोड़ दिया।

जबकि 14 लोग गंभीर रुप से घायल हो गये। जिन्हें स्थानीय लोगों व पुलिस की मदद से जिला अस्पताल व जेएन मेडिकल कालेज भर्ती कराया गया। इस घटना से मृतकों के परिवार में मातम छा गया है। इस दौरान घायलों को देखने के लिए एसपी सिटी व एडीएम सिटी मौके पर पहुंच गये हैं।