PM Modi-Amit Shah

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह के साथ अहम बैठक के लिए बीजेपी शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों का पहुंचना शुरू हो गया है। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, असम के मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया, गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रुपाणी, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस, मणिपुर के सीएम विरेंद्र सिंह, अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रमन सिंह और गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर बैठक के लिए पहुंच गए हैं।

बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी, जम्मू कश्मीर के उपमुख्यमंत्री निर्मल सिंह और गुजरात के उपमुख्यमंत्री नितिन पटेल भी इस बैठक में पहुंच चुके हैं।इनके साथ ही केंद्रीय मंत्री सुषमा स्वराज, गृहमंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण भी बैठक में पहुंच चुकी हैंं।

माना जा रहा है कि बैठक में विकास कार्यों पर चर्चा हो सकती है। इसके अलावा 2019 के लोकसभा चुनाव को लेकर भी रणनीति पर विचार विमर्श होने की संभावना है। केंद्र में बीजेपी सरकार आने के बाद पीएम मोदी की मुख्यमंत्रियों के साथ ये तीसरी बैठक है।

हाल ही में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने 2019 चुनाव को लेकर पार्टी की रणनीति सार्वजनिक की थी। अमित शाह ने बताया था कि पार्टी नेता उन 120 लोकसभा सीटों पर विशेष ध्यान दें, जहां बीजेपी जीत दर्ज नहीं कर पाई थी। इसके साथ ही उन्होंने 2019 के लोकसभा चुनाव में 350 से ज्यादा सीटें जीतने का लक्ष्य रखा है।