dabbawala

मुंबई में लगातार हो रही बारिश से सड़के नदी बन गयीं है और रेलवे ट्रैक भी डूब गए हैं कई इलाकों में पानी भर गया है। इस बीच आज बुधवार को मुंबई के डब्बे वाले बारिश के चलते छुट्टी पर हैं। ऑफिस आने-जाने वालों को पहुंचाए जाने वाले दो लाख टिफिनों की डिलिवरी रद्द कर दी गई है।

उपनगरीय रेल सेवाएं बाधित होने के कारण यह कदम उठाया गया है, बारिश में फंसे रहने के कारण मंगलवार को काम पर निकले डब्बावाले बुधवार सुबह अपने घर लौट पाए हैं। मुंबई डब्बावाला संघ के प्रवक्ता सुभाष तालेकर ने बताया कि दो लाख टिफिन की डिलिवरी करने वाले 5000 से ऊपर डब्बावाले बुधवार को ऐसा नहीं कर पाएंगे क्योंकि वे रेलवे स्टेशन पर फंसे रहने के कारण सुबह ही घर लौटे हैं। हम अपनी सेवाएं गुरूवार से फिर शुरू करेंगे। टिफिन पहुंचाने वाले ज्यादातर लोग पुणे के आस-पास के गांवों से आते हैं और मराठा समुदाय से संबंध रखते हैं।

मौसम विभाग ने मुंबई और इसके आसपास के इलाकों में अगले 48 घंटों के दौरान भारी बारिश की चेतावनी दी है। राज्य सरकार ने शहर में बुधवार को रेड अलर्ट जारी कर दिया है। सीएम ने लोगों से घरों में रहने की अपील की है। सोमवार सुबह 8 बजे से मंगलवार सुबह तक करीब 152 मिमी बारिश हुई। जबकि मंगलवार को नौ घंटे में 298 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है।

केंद्रीय गृह राज्य मंत्री हंसराज अहीर ने बताया कि राज्य सरकार का आपदा प्रबंधन विभाग स्थिति पर नजर रखे हुए है। केंद्र की तरफ से एनडीआरएफ की 10 टीमें मुंबई भेजी गई है।

NDRF के निदेशक संजय कुमार ने बताया कि, NDRF की टीम लगातार स्थानीय प्रशासन के संपर्क में हैं। जहां हालात ज्यादा खराब हैं वहां टीमों को भेजा जा रहा है। एनडीआरएफ के अलावा केंद्रीय आपदा प्रबंधन विभाग भी मुंबई पर नजर बनाए हुए है।

बारिश में मुंबई की लोकल ट्रेनों की आवाजाही पर असर पड़ा है। रातभर ठप रहने के बाद हार्बर लाइन और सेंट्रल लाइन शुरू हो गई हैं। वेस्टर्न रेल रूट पर ट्रेनें शुरू हो गई हैं। सेंट्रल रेलवे रूट पर भी कुर्ला से डोंबीवली के बीच लोकल चल रही है। मेट्रो सर्विस भी वर्सोवा और घाटकोपर के बीच शुरू हो चुकी है। वहीँ मौसम विभाग के डीडीजी केएस होसलीकर ने कहा कि अगले कुछ घंटों तक मुंबई में बारिश नहीं होगी, क्योंकि बादल उत्तर की तरफ चले गए हैं।

भूस्खलन को लेकर अलर्ट जारी
मुंबई और ठाणे में भूस्खलन को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। पुणे स्थित सेंटर फॉर सिटिजन साइंस (सीसीएस) ने भूस्खलन को लेकर चेतावनी जारी की है। इसके अनुसार, अनूप हिल, घाटकोपर (पश्चिम), कल्याण (पूर्व), विरार, जिबर्ट हिल, चेंबूर, पंजारपोल, नकाडीपाड़ा, बांदी और ठाणे एवं मुलुंड इलाके में भूस्खलन हो सकता है।

26 जुलाई 2005 की आई याद
मुंबई में चल रहे हालात ने 26 जुलाई 2005 की याद दिला दी है। उस दिन भारी बारिश के चलते सड़क के बीच हजारों लोग रातभर फंसे रहे थे। 26 से 27 जुलाई तक एक दिन में मुंबई में 94 सेमी (944 मिमी) बारिश हुई थी। गाड़ियों में सफोकेशन और अन्य वजहों से करीब 500 लोगों की मौत हुई थी। बीएमसी को 12 साल बाद इमरजेंसी अलर्ट जारी करना पड़ा। मौसम विभाग के डायरेक्टर जनरल केजे रमेश ने कहा कि, अभी 26 जुलाई 2005 जैसे हालात नहीं हैं।