Uttar Pradesh Lakhimpur Kheri Violence Live Updates कृषि कानूनों और केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्र टेनी की टिप्पणी का विरोध कर रहे किसानों और मंत्री के बेटे के बीच रविवार को हिंसक टकराव में आठ लोगों की मौत के बाद उत्तर प्रदेश में बवाल मचा हुआ है। सियासी उबाल के बीच कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी लखीमपुर जाने के लिए निकलीं लेकिन उन्हें सीतापुर के हरगांव में पुलिस ने हिरासत में ले लिया। लखनऊ में धरने पर बैठे अखिलेश यादव को हिरासत में ले लिया गया है। वहीं केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्र टेनी के बेटे आशीष मिश्र के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है।

मथुरा में पुलिस ने कांग्रेसियों से छीना मुख्यमंत्री योगी का पुतला

लखीमपुर खीरी में हुई घटना के बाद मथुरा के कांग्रेस महानगर कार्यालय पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बनाए गए प्रतीकात्मक पुतले को जलाने से पूर्व पुलिस ने उसे कांग्रेसियों से छीन लिया। पुलिस द्वारा कांग्रेसियों से पुतला छीनने के बाद कांग्रेसियों ने होली गेट पर बैठकर प्रदर्शन किया। इस दौरान जिला अध्यक्ष चौधरी भगवान सिंह वर्मा महानगर अध्यक्ष एमएम शर्मा युवा कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष यतींद्र मुकदम सहित दर्जनों कांग्रेसी एकत्रित थे।

देहरादून: हरीश रावत पुलिस लाइन पर धरने पर बैठे

लखीमपुर खीरी की घटना और प्रियंका गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में देहरादून में प्रदर्शन कर रहे हरीश रावत गिरफ्तार। लगभग 80 कांग्रेसी नेता और कार्यकर्ता भी हिरासत में लिए गए हैं। हरीश रावत पुलिस लाइन में धरने पर बैठे हैं।
02:41 PM, 04-OCT-2021
संभल में कांग्रेस ने मुख्यमंत्री का पुतला फूंका, पुलिस ने सख्ती कर पुतला छीना

लखीमपुर खीरी में हुई घटना के विरोध में ज्ञापन देने पहुंचे संभल के कांग्रेसियों ने मुख्यमंत्री का पुतला जला दिया। मौके पर मौजूद कई थानों की पुलिस ने किसी तरह पुतले में लगी आग को बुझाकर कब्जे में किया और एक कांग्रेसी को हिरासत में ले लिया। इसके बाद कांग्रेसियों ने हंगामा शुरू कर दिया। कांग्रेसियों ने मांग की है कि सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया जाए या फिर हिरासत में लिए गए एक कांग्रेसी को छोड़ दिया जाए। मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक और एसडीएम पहुंचे हंगामा कर रहे कांग्रेसियों को तहसील में वार्ता के लिए बुलाया है। संभल के यशोदा चौराहे पर सोमवार को दोपहर करीब 1.30 बजे कांग्रेसी ज्ञापन देने के लिए पहुंचने वाले थे। एहतियाती तौर पर कई थानों की पुलिस मौके पर मुस्तैद कर दी गई थी। कांग्रेसी अपने साथ मुख्यमंत्री का पुतला लेकर आए थे। कांग्रेसियों ने का एकत्र होते ही मुख्यमंत्री के पुतले में आग लगा दी और सरकार विरोधी नारे लगाने शुरू कर दिए। मौके पर मौजूद पुलिस को जब मुख्यमंत्री का पुतला जलाने की जानकारी हुई तो कांग्रेसियों के साथ सख्ती बरतनी शुरू कर दी और हाथों से ही पुतले में लगी आग को बुझा दिया। कांग्रेस कार्यकर्ता शानू खान को हिरासत में लेकर संभल कोतवाली भेज दिया। इसी बात पर कांग्रेसी आक्रोशित हो उठे और हंगामा करने लगे। मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक आलोक कुमार जायसवाल और एसडीएम दीपेंद्र यादव पहुंचे। हंगामा कर रहे कांग्रेसियों को समझाया और तहसील में वार्ता करने के लिए ले गए हैं। अभी अधिकारियों और कांग्रेस के बीच वार्ता चल रही है।
02:29 PM, 04-OCT-2021
बुलंदशहर: पुतला छीनने पहुंचे सादावर्दी सिपाही के साथ की मारपीट

खुर्जा के जेवर हवाई अड्डा चौराहे पर लखीमपुर खीरी में हुई घटना के विरोध में भाकियू कार्यकर्ता सरकार का पुतला दहन करने की तैयारी कर रहे थे। जानकारी होने पर खुर्जा कोतवाल नीरज कुमार फाेर्स के साथ पहुंचकर उनसे बात करने लगे। इसी दौरान कोतवाली से पहुंचे सादा वर्दी में एक सिपाही ने उनके हाथ से पुतला छीन लिया और लेकर भागने लगा। कार्यकर्ताओं ने उसका पीछा करते हुए उसे पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। मौके पर पहुंचे सीओ संग्राम सिंह ने किसी तरह मामला शांत कराया।