Modi Cabinet

नई दिल्ली , एक ओर जहाँ देश स्वतंत्रता दिवस के जश्न में डूबा है वहीं दूसरी ओर मोदी कैबिनेट में होने वाली भारी उठा-पटक से ख़बरों का बाज़ार गर्म है। सभी की निगाहें अब मोदी कैबिनेटमें होने वाले बदलाव पर टिक गयीं हैं। राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति चुनावों के बाद यह खबरें आ रही थी कि जल्द ही पीएम अपनी कैबिनेट में बदलाव करेंगे, लेकिन 15 अगस्त के कारण इसमें देरी हो रही थी। अब उम्मीद है कि जल्दी ही नए मंत्री शपथ ले सकते हैं।

अंग्रेजी अखबार डेक्कन क्रोनिकल में छपी एक खबर के मुताबिक, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को केंद्रीय कैबिनेट में जगह मिल सकती है। खबर यह भी है कि महाराष्ट्र की कैबिनेट में भी बदलाव हो सकता है। महाराष्ट्र कैबिनेट में कुछ मंत्रियों की छुट्टी हो सकती है। आपको बता दें कि मानसून सत्र के दौरान महाराष्ट्र के मंत्री प्रकाश मेहता और सुभाष देसाई पर भ्रष्टाचार के आरोप लगे थे।

सूत्रों के मुताबिक 2019 के लोकसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए रक्षा मंत्रालय समेत 4 बड़े मंत्रालयों पर फैसला हो सकता है। वहीं काम ना करने वाले मंत्रियों को बाहर का रास्ता दिखाया जा सकता है। वहीं कुछ नए चेहरों को शामिल किया जा सकता है। आने वाले विधानसभा चुनावों को भी ध्यान में रखते हुए ये फैसले किये जाएंगे।

आपको बता दें कि वेंकैया नायडू के उपराष्ट्रपति बनने के बाद सूचना व प्रसारण मंत्रालय और शहरी विकास व आवास मंत्रालय का प्रभार क्रमश: केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और नरेंद्र सिंह तोमर को दिया गया है। वहीं वित्तमंत्री अरुण जेटली रक्षामंत्री मनोहर पर्रिकर के इस्तीफे के बाद से ही रक्षामंत्री का कार्यभार संभाल रहे है। इसी तरह अनिल माधव दवे के मई में निधन के बाद से केंद्रीय विज्ञान व प्रौद्योगिकी मंत्री हर्षवर्धन उनके पर्यावरण मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे हैं। आने वाले दिनों में इन मंत्रालयों से सम्बंधित बड़ा फैसला लिया जा सकता है।