Bride, Bridegroom, Spirit, Haunt, Barat

मुजफ्फरनगर: शहर के नई मंडी थाना क्षेत्र के मोहल्ला गांधी कालोनी से मेरठ गई बारात वधू पक्ष द्वारा बंधक बना ली गई। मामला फेरों पर दूल्हे की हालत बिगड़ने से बिगड़ा, जिसके बाद लड़की पक्ष ने शादी से इंकार कर दिया और बारात को बैरंग ही वापस लौटना पड़ा। लड़की पक्ष के लोगों ने शादी के समारोह में खर्च हुए 4 लाख रुपयों की मांग करते हुए दूल्हे और उसके परिवार के लोगों को बंधक बना लिया।

सूत्रों ने जानकारी देते हुए बताया कि गांधी कालोनी निवासी युवक का रिश्ता मेरठ निवासी युवती के साथ तय हुआ था। गत दिवस दूल्हा बारात लेकर मेरठ दुल्हन को ब्याहने पहुंचा था। बताया गया कि बारात की चढ़त व जयमाला तक तो सब कुछ ठीक था, लेकिन जैसे ही फेरे शुरू हुए दूल्हे की हालत बिगड़ गई और वह अजीबो गरीब हरकत करने लगा, जिसे लेकर शादी समारोह के रंग में भंग पड़ गया।

काफी देर बाद दूल्हे की हालत में सुधार हुआ तो उसने बताया कि उस पर कोई आत्मा हावी हो गई थी। इसे लेकर दुल्हन पक्ष ने फेरे कराने से इंकार कर दिया। युवक पक्ष के लोगों और बिचौलिए ने युवती के परिजनों को समझाने का काफी प्रयास किया लेकिन वह शादी न करने की जिद पर अड़ गए। लड़की ने भी दूल्हे के साथ विवाह करने से इंकार कर दिया, जिसके बाद बारात तो बैरंग ही वापस लौट आई, लेकिन लड़की पक्ष के लोगों ने दूल्हे और उसके परिवार के कुछ लोगों को बंधक बना लिया।

उनका कहना था कि जब तक सगाई व शादी के इंतजाम में खर्च हुए 4 लाख रुपए नहीं मिलेंगे वह दूल्हे को नहीं जाने देंगे। इसको लेकर बिचौलिया और दूल्हे पक्ष के लोगों ने भागदौड़ भी शुरू कर दी थी।