Health Department, Child Birth, Local News

हरदोईः उत्तर प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाएं भगवान भरोसे हैं। आए दिन स्वास्थ्य विभाग की लापरवाहियां उजागर हो रही हैं। ताजा मामला हरदोई जिले का है। जहां प्रसव के बाद एक महिला व उसके नवजात बच्चे की मौत हो गई। मृतका के परिजनों ने अस्पताल के स्टाफ पर लापरवाही का आरोप लगाया है।

जानकारी के मुताबिक मामला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरपालपुर का है। यहां जुगापुरवा गांव निवासी सुनील की पत्नी अनीता को प्रसव पीड़ा के बाद सीएचसी में भर्ती कराया गया था। यहां अनीता का इलाज स्टाफ नर्स संध्या ने किया। महिला को 24 घंटे तक भर्ती के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इसके बाद महिला को लखनऊ रेफर कर दिया। जिसके चलते महिला के परिजनों ने उसे कटियार नर्सिंग होम में भर्ती करा दिया।

इस दौरान महिला व उसके बच्चे की मौत हो गई। वहीं मृतका के परिजनों ने सीएचसी के चिकित्सा स्टाफ पर लापरवाही का आरोप लगाया है। साथ ही उन्होंने स्टाफ पर कार्रवाई की मांग की है। उधर, सीएचसी के अधीक्षक डॉ आनंद पांडेय ने लापरवाही की बात को सिरे से खारिज किया है।