Uber Cab

हरियाणा के फरीदाबाद में एक उबर कैब के मालिक की बेरहमी से हत्या कर दी गई है। उसकी लाश गाड़ी में ही पड़ी मिली है। राहगीरों ने पुलिस को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंच पुलिस ने गाड़ी के कागजातों से मृतक की शिनाख्त की। पुलिस इस केस जांच कर रही है।

मामला फरीदाबाद की दबुआ कॉलोनी का है। गुरुवार सुबह 5 बजे कुछ लोगों ने एक कैब में शव पड़ा हुआ देखा। उन लोगों ने इस बात की सूचना तुरन्त पुलिस को दी। घटनास्थल पर पहुंचकर पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। जब गाड़ी के कागजातों की जांच की गई, तो मृतक की पहचान सैनिक कॉलोनी निवासी राजकुमार के रूप में हुई है।

इसके बाद पुलिस ने उसकी पत्नी को घटना की सूचना दी। राजकुमार की पत्नी ने बताया कि बीते दिन राजकुमार लगभग सुबह 11 बजे घर से निकले थे। देर रात तक जब वह घर नहीं लौटे तो उन्होंने अपने पति को फोन किया, मगर उनका मोबाइल स्विच ऑफ था। मृतक की पत्नी अपने भाई अमरजीत के साथ पति को ढूंढने निकली, मगर उनके पति का कुछ पता नहीं चल पाया।

पुलिस के अनुसार हत्या किसी धारदार हथियार से की गई है। राजकुमार के फोन की लोकेशन की भी जांच की जा रही है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी भी खंगाल रही है। फिलहाल अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस जल्द ही हत्यारे को पकड़ने की बात कह रही है।