Toilet

ग्रेटर नोएडा: एक शख्स अपने पड़ोसी के घर के बाहर पेशाब कर रहा था। घर की महिलाएं बाहर आईं और उन्होंने युवक को ऐसा करने से मना किया। इस बात से गुस्साए युवक ने एक महिला को गोली मार दी। आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर महिला के घर पर भी कई राउंड फायरिंग की। घायल महिला की हालत नाजुक बनी हुई है।

घटना यूपी के ग्रेटर नोएडा स्थित दनकौर थाना क्षेत्र की है। घायल महिला के एक रिश्तेदार ने बताया है कि गुरुवार शाम पड़ोस में रहने वाला संजय उनके घर के आगे पेशाब कर रहा था। जब उनके परिवार की महिलाओं ने इसका विरोध किया, तो वह गाली-गलौज करने लगा।

शोर सुनकर घर के लोग इकट्ठा हो गए। उस समय तो आरोपी संजय वहां से भाग निकला, मगर कुछ देर बाद वह अपने एक अन्य साथी के साथ हथियार लेकर वहां पहुंचा। संजय ने पीड़ित पक्ष के घर पर कई राउंड फायरिंग की। इस दौरान खुद को बचाकर भाग रही संजू नामक महिला को गोली लग गई।

घायल महिला को फौरन नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी संजय और उसके दोस्त के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पीड़ित परिजनों ने बताया है कि संजय कई महीनों से ऐसी ही हरकत कर रहा था। कोतवाल फरमूद अली पुंडीर ने परिजनों को जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने का भरोसा दिलाया है।