इस साल नवरात्री में उत्तर प्रदेश में पहली बार रोपवे सेवा की शुरुआत होने जा रही है। यूपी के दो धार्मिक स्थल विंध्याचल और चित्रकूट में रोपवे सेवा नवरात्री में शुरू की जाएगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सितम्बर में इसकी शुरुआत कर सकते हैं।

बता दें विंध्याचल धाम मां दुर्गा के शक्ति पीठ की वजह से तो चित्रकूट धाम भगवान श्रीराम की वजह से प्रसिद्द है। मुख्य सचिव पर्यटन अवनीश अवस्थी ने बताया कि दोनों जगह रोपवे को विकसित किया जा रहा है जिसकी लागत 26 करोड़ है। इसका उद्देश्य धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देना है। यह प्रदेश का पहला रोपवे होगा। दोनों ही जगह हिन्दुओं के लिए विशेष धार्मिक महत्व रखता है, जहां हर साल लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं। दोनों ही जगह रोपवे लगाने का काम लगभग पूरा हो चुका है। उम्मीद है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जनता के लिए इसका लोकार्पण सितम्बर में कर देंगे।

अवस्थी ने बताया कि प्रदेश का तीसरा रोपवे इलाहाबाद में यमुना और संगम के ऊपर बनाया जाएगा। लेकिन अभी इसे मुख्यमंत्री से मंजूरी नहीं मिली है।
गौरतलब है कि सूबे की योगी सरकार ने धार्मिक स्थलों के लिए काफी सब्सिडी दी है। मानसरोवर यात्रा के लिए सब्सिडी दी गई है, वहीँ अयोध्या, वाराणसी और मथुरा के लिए भी बजट में प्रावधान किया गया है।

चित्रकूट और विंध्याचल में परियोजनाओं के लिए जमीन की व्यवस्था करने के साथ ही विकासकर्ता को काम शुरू करने के लिए साइट हस्तांतरित कर दी गई है। बरसाना में परियोजना को अमली जामा पहनाने के लिए मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण को नोडल एजेंसी बनाया गया है जो कि विकासकर्ता के चयन के लिए कार्यवाही कर रहा है।