सचेंडी के रेउरी गांव में मंगलवार रात प्रॉपर्टी डीलर की गला कसकर हत्या कर दी गई। बुधवार सुबह गांव में शव पड़ा देख ग्रामीणों ने उसके परिवारीजनों को जानकारी दी। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पर जांच-पड़ताल की। इसके बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

गांव निवास कृष्ण कुमार उर्फ बाबू (40) प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते थे। परिवारीजनों के मुताबिक, उनका एक घर गांव और दूसरा खेत में बना है। मंगलवार रात तकरीबन आठ बजे कृष्ण कुमार खाना खाने के बाद खेतवाले मकान के लिए गांव से निकले थे। सुबह करीब साढ़े छह बजे ग्रामीणों ने गांव के कुएं के पास कृष्ण कुमार को मृत पड़ा देखा। उन्होंने तुरंत उनके परिजनों को जानकारी दी। साथ ही पुलिस कंट्रोल रूम को भी सूचना दी गई। मौके पर एसपी ग्रामीण जय प्रकाश, सीओ घाटमपुर सहित सचेंडी पुलिस पहुंची।

एसपी ग्रामीण के मुताबिक अभी तक की जांच व फोरेंसिक टीम की पड़ताल के मुताबिक गला घोंटकर ही युवक की हत्या की गई है। गला कसने के निशान भी मिले हैं। अब यह पोस्टमार्टम से ही स्पष्ट होगा कि रस्सी से गला कसा गया कि गमछे से।

पूछताछ से मिली जानकारी के मुताबिक कृष्ण कुमार के कई वर्षों से एक शादीशुदा महिला से अवैध संबंध थे। इस बात की जानकारी महिला के पति समेत पूरे परिवार को थी। पुलिस को आशंका है कि अवैध संबंधों के कारण ही कृष्ण कुमार को मौत के घाट उतारा गया है। पुलिस इस बिंदु पर गंभीरता से पड़ताल कर रही है।