कोरोना महामारी की वीकली पॉजिटिविटी दर पिछले हफ्ते घटकर 1.68% पर आ गई। इससे पहले यह 5.86% थी। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने गुरुवार को आगाह किया कि महामारी की चुनौती अभी खत्म नहीं हुई है। अक्टूबर से दिसंबर तक यानी तीन महीने लोगों को अधिक सतर्क रहना होगा। त्योहारों और शादियों के दौरान कोरोना का संक्रमण बढ़ सकता है।

स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने कहा कि हम अभी यह ना समझें कि कोविड खत्म हो चुका है। हमारे सामने कोरोना की कई सारी चुनौतियां हैं और हमें उसपर काम करने की जरूरत है। हमें अभी भी कोविड से जुड़ी गाइडलाइन का पालन करते रहना होगा।

पिछले हफ्ते 56% कोविड मामले केरल से दर्ज हुए
लव अग्रवाल ने बताया कि देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 22 हजार के करीब मामले दर्ज किए गए। उन्होंने कहा कि आज भी देश में हर रोज औसतन 20 हजार के करीब मामले आ रहे हैं। पिछले हफ्ते 56% कोविड मामले केरल से दर्ज हुए हैं।

तमिलनाडु, मिजोरम और कर्नाटक में भी एक्टिव केस अधिक
स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव ने कहा कि 5 राज्य ऐसे हैं जहां अभी भी 10 हजार से ज्यादा सक्रिय मामले बने हुए हैं। केरल में 1.22 लाख के करीब एक्टिव केस हैं। महाराष्ट्र में 36 हजार के करीब सक्रिय मामले हैं। तमिलनाडु, मिजोरम और कर्नाटक में भी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या अधिक है।

28 जिलों में पॉजिटिविटी दर 5% से 10% के बीच
लव अग्रवाल ने बताया कि अरुणाचल प्रदेश और असम में कुछ जिलों सहित 28 जिले ऐसे हैं, जिनमें पॉजिटिविटी दर 5% से 10% के बीच है। यह हाई इंफेक्शन रेट है। 34 जिले ऐसे हैं जहां 10% से अधिक की वीकली पॉजिटिविटी रेट है। लक्षद्वीप, चंडीगढ़, गोवा, हिमाचल प्रदेश, अंडमान-निकोबार और सिक्किम ने अपनी 100% आबादी को टीके की पहली खुराक लगा दी है।