नई दिल्ली। भारत की सैन्य और आर्थिक क्षमता बढ़ने के साथ ही सॉफ्ट पावर भी तेजी से बढ़ रही है। इसमें फिल्मों का भी बड़ा योगदान है। 95वें ऑस्कर अवॉर्ड्स में भारत को दो अवॉर्ड मिले। फिल्म ‘RRR’ के गाने ‘नाटू नाटू’ (Naatu Naatu) को बेस्ट ओरिजिनल सॉन्ग का अवॉर्ड मिला। वहीं, शॉर्ट फिल्म कैटेगरी में ‘द एलीफैंट व्हिस्परर्स’ को अवॉर्ड मिला।

ऑस्कर अवार्ड मिलने से पहले से ही ‘नाटू नाटू’ गाना दुनियाभर में लोगों के दिलों पर छाया हुआ है। अवार्ड मिलने के बाद अब इस गाने पर थिरकने वालों का जोश बढ़ गया है। भारत में जर्मनी के राजदूत डॉ फिलिप एकरमैन और जर्मन दूतावास के कर्मचारियों ने दिल्ली के चांदनी चौक में इस गाने पर डांस किया है। डांस प्रोग्राम को बेहद रोचक तरीके से फिल्माया गया है। जर्मन दूतावास द्वारा डांस का 2.18 सेकंड का वीडियो जारी किया गया है।

कोरियन एंबेसी के कर्मचारियों ने भी किया था डांस

इससे पहले फिल्म RRR के नाटू-नाटू गाने पर दक्षिण कोरिया के दूतावास के कर्मचारियों ने डांस किया था। रिलीज होने के बाद से ही नाटू सांग ने पूरी दुनिया में तहलका मचा दिया था। म्यूजिक लवर्स इस बेहद शानदार गाने पर थिरकने लगे थे। म्यूजिक डायरेक्टर एमएम कीरावनी ने ‘नाटू नाटू’ का म्यूजिक तैयार किया है। इसे चंद्रबोस ने लिखा है। फिल्म RRR को एसएस राजामौली ने डायरेक्ट किया है। इसे तेलगू, हिंदी सहित कई भाषाओं में रिलीज किया गया था।