Dera Saccha Sauda

हरियाणा के सिरसा में अधिकारियों ने मंगलवार को डेरा सच्चा सौदा मुख्यालय से 18 नाबालिग लड़कियों को बाहर निकाला है। मेडिकल चेकअप के लिए सभी लड़कियों को सिविल हॉस्पिटल ले जाया गया है। सभी लड़कियों की उम्र 7 से 20 के आसपास है। इन लड़कियों को राम रहीम ने अपनाया था और उन्हें ‘शाही बेटियों’ के नाम से जाना जाता था।

सिरसा के उपायुक्त प्रभजोत सिंह ने बताया है कि, ‘सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद 18 लड़कियों को डेरा मुख्यालय से बाहर निकाला गया है। अभी ये लड़कियां बाल संरक्षण अधिकारी की निगरानी में हैं और बाद में उन्हें विभिन्न जगहों पर स्थित बाल संरक्षण संस्थाओं में भेज दिया जाएगा।

डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह को 1999 में अपनी दो शिष्याओं के साथ दुष्कर्म करने और उन्हें आपराधिक धमकी देने के अपराध में सीबीआई की स्पेशल कोर्ट ने सोमवार को 20 साल की सजा सुनाई है। उपायुक्त ने बताया है कि इसके साथ ही डेरा में रह रहे 650 लोगों को अपने-अपने घर भेज दिया गया है। उन्होंने आगे बताया है कि अब डेरा में सिर्फ 250 से 300 लोग ही बचे हैं।

पंचकूला में सीबीआई की स्पेशल कोर्ट द्वारा शुक्रवार को डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम को दोषी करार दिए जाने के बाद डेरा समर्थकों द्वारा की गई व्यापक हिंसा में 38 लोगों की मौत हुई थी और 264 से अधिक लोग घायल हुए थे।