उज्मा

इस्लामाबाद से एक भारतीय डिप्लोमैट का मोबाइल फोन सीज करने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि भारतीय महिला उज्मा और एक पाकिस्तानी शख्स की शादी के मामले की सुनवाई के दौरान यह हुआ है। शुक्रवार को उज्मा मामले की इस्लामाबाद की अदालत में सुनवाई हो रही थी। वहां भारतीय उच्चायोग में तैनात फर्स्ट सेक्रेटरी डॉ पीयूष सिंह अपने फोन के साथ पहुंचे थे। पाकिस्तानी अफसरों ने उनका मोबाइल जब्त कर लिया। इसके पीछे दलील दी जा रही है कि सिंह कोर्ट में जज का फोटो खींचने की कोशिश कर रहे थे। जिसकी अनुमति नहीं होती है। भारतीय उच्चायोग इस मामले की जानकारी जुटा रहा है।

इस मामले पर भारतीय उच्चायोग ने पाकिस्तानी दावे को खारिज किया है। उच्चायोग का कहना है कि डिप्लोमैट का फोन लौटाया जाए। वह ऐसा कुछ भी नहीं कर रहा था जिसका आरोप लगाया जा रहा है।

उज्मा का मामला जानें?
पाकिस्तान में उज्मा नाम की एक भारतीय महिला से एक पाकिस्तानी डॉक्टर ने जबरन शादी कर ली है। इसी मामले की सुनवाई इस्लामाबाद की अदालत में हो रही है। उज्मा ने इस्लामाबाद अदालत में अपने पति ताहिर अली के खिलाफ याचिका दायर की है। उसने अपने पति पर प्रताड़ना और धमकाने का आरोप लगाया है। महिला ने मजिस्ट्रेट के समक्ष अपना बयान रिकॉर्ड कराया है।

बता दें कि उज्मा एक भारतीय महिला है, उसने पिछले दिनों भारतीय उच्चायोग में शरण ली थी। उसने भारतीय अफसरों को बताया था कि कैसे एक पाकिस्तानी नागरिक के साथ शादी करने के लिए बंदूक तानकर मजबूर किया।