उत्तराखंड में भले ही पार्टियां एकजुटता दिखा रही हो लेकिन कांग्रेस की अंदरूनी कलह सामने आ रही है। पौड़ी में जिला पंचायत सभागार पौड़ी में आयोजित कांग्रेस की समीक्षा बैठक हंगामें की भेंट चढ़ गई। आलम ये रहा कि कार्यकर्ताओं के बीच हाथापाई हुई और जूते-चप्पल भी चले। हंगामा तब शुरू हुआ जब एक कार्यकर्ता ने अपनी ही पार्टी की महिला कार्यकर्ताओं पर अभद्र टिप्पणी की। ये पूरी घटना कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष व उत्तराखंड अल्पसंख्यक आयोग के पूर्व अध्यक्ष नरेंद्रजीत सिंह बिंद्रा के सामने हुई।

आपको बता दें कि पौड़ी जिला पंचायत सभागार पौड़ी, श्रीनगर व चौबट्टाखल विधानसभा सीटों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिसमें कांग्रेस नेताओं ने जिलाध्यक्ष पद पर लंबे समय से बदलाव नहीं किए जाने पर नाराजगी जाहिर की। तभी इस बीच बैठक में अचानक हंगामा होने लगा। नाराजगी के बीच बैठक में एक कार्यकर्ता ने महिला कार्यकर्ताओं पर अभद्र टिप्पणी कर दी। इससे महिला कार्यकर्ता आक्रोशित हो गईं। उन्होंने अभद्र टिप्पणी करने वाले के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और खुब खरी-खोटी सुनाई। इस दौरान कुछ कार्यकर्ताओं ने अभद्र टिप्पणी करने वाले कार्यकर्ता के साथ हाथापाई शुरू कर दी।

  1. बैठक में कार्यकर्ता आक्रोशित हो गए और एक दूसरे पर जूते-चप्पल फेंकने लगे। इस बीच एक महिला कार्यकर्ता अचानक मेज पर खड़ी हुई कुछ कार्यकर्ताओं पर जूता फेंका। इस दौरान कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष व उत्तराखंड अल्पसंख्यक आयोग के पूर्व अध्यक्ष नरेंद्रजीत सिंह बिंद्रा स्थिति बिगड़ती देख कार्यकर्ताओं से संयम बरतने की अपील करते दिखे। लेकिन उनके समझाने से भी मामला शांत नही हुआ, हंगामा जारी रहा। इसके बाद बिंद्रा कुछ देर के लिए बैठक से बाहर चले गए। वहीं, मामले पर पत्रकारों के सवाल पर बिंद्रा मामले को मामूली रूप करार देते नजर आए।