Gangrape

रांची,  दिल्ली से आ रही आनंद विहार-रांची एक्सप्रेस में मुरी स्टेशन के समीप 19 वर्षीय छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म किया गया। तीन अज्ञात युवकों ने एस-3 बोगी में घटना को अंजाम दिया। घटना बीते छह फरवरी की है। आठ फरवरी को घटना से आहत छात्रा ने जहर खाकर खुदकशी की कोशिश की। पीड़िता फिलहाल अस्पताल में उपचाराधीन है। सदमे के कारण वह कुछ नहीं कह पा रही थी। अब जाकर उसने किसी तरह हिम्मत जुटाकर मामले का खुलासा किया।

शुक्रवार को पुलिस ने इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। एक एसआइटी का भी गठन किया गया है ताकि शीघ्र ही मामले का पर्दाफाश हो और आरोपितों को गिरफ्तार किया जा सके। पीड़ित छात्रा पंजाब के फजिल्का की रहने वाली है। रांची के कडरू स्थित एक संस्थान में पढ़ाई करती है। छात्रा के जहर खाने के बाद उसे गुरुनानक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके बाद चुटिया पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पीड़िता का फर्द बयान लिया और रांची जीआरपी थाने को भेज दिया है। जीआरपी पुलिस ने मामला दर्ज कर इसकी छानबीन शुरू कर दी है।

पीडि़ता ने पुलिस को बताया कि पांच फरवरी को आनंद विहार स्टेशन से रात के दस बजे ट्रेन पर चढ़ी थी। दूसरी रात करीब 12 बजे रांची स्टेशन से पहले मुरी के पास एक युवक आया और उसके मुंह को दबा दिया। इसके बाद अन्य तीन युवकों ने बारी-बारी से दुष्कर्म किया। आरोपियों ने पूरी लाइट बुझा दी थी। संभवत: तब बोगी में अन्य यात्री नहीं थे। दुष्कर्म करने के बाद युवक रांची से पहले ही ट्रेन से उतर गए। पीड़िता ने बताया कि घटना के बाद उसकी दिमागी हालत बिगड़ गई। तनाव में आकर उसने जहर खा लिया। उल्टी होने पर उसे गुरुनानक अस्पताल पहुंचाया गया।

एसआइटी का गठन

रेल एसपी संगीता तिवारी ने फरार दुष्कर्मियों की गिरफ्तारी के लिए एसआइटी का गठन किया है। जिसमें एक डीएसपी और चार इंस्पेक्टर स्तर के अधिकारी शामिल किए गए हैं। युवती ने आरोपितों के हुलिए भी पुलिस को बताए हैं। पुलिस मुरी, नामकुम और रांची रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुट गई है। इससे पहले के स्टेशनों के भी फुटेज मंगवाए गए हैं।

उठ रहे सवाल

-चलती ट्रेन में तीन युवक कहां से आए और बोगी पूरी तरह खाली हो, यह कैसे संभव हो सकता है।

-छात्रा ने शोर क्यों नहीं मचाया, क्या ट्रेन में सुरक्षाकर्मी या टीटीई भ्रमण नहीं कर रहे थे।

-ट्रेन से उतरने के बाद छात्रा को लेने उसके दोस्त पहुंचे थे। उन्हें भी उसने कुछ नहीं बताया।