राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के एक कार्यकर्ता की शनिवार की रात धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। यह हमला रात साढ़े आठ बजे के करीब श्रीकरयम में हुआ। घायल राजेश को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया। राजेश राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ में कार्यवाह के पद पर था।

पुलिस ने कहा कि जांच शुरू कर दी गई है और हमलावरों की तलाश की जा रही है। पुलिस ने कहा कि हमले में 34 वर्षीय राजेश का बायां हाथ काट दिया गया, उसके शरीर पर धारदार हथियार से 15 वार किए गए। राजेश शाखा से लौट रहा था। इस दौरान श्रीकरयम में 6 लोगों ने उसे घेर लिया। टू-व्हीलर पर सवार राजेश पर धारदार हथियार से हमले किए गए।

प्रदेश बीजेपी प्रमुख ने कहा कि बीजेपी ने रविवार को राज्यव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है। बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष के. राजशेखरन ने आरोप लगाया कि हमले के पीछे माकपा का हाथ है। इस आरोप को वाम पार्टी के जिला नेतृत्व ने खारिज किया।