उपलब्धियां

प्रदेश के गन्ना राज्य मंत्री सुरेश राणा ने सेना पर दिया गया आपत्तिजनक बयान समाजवादी पार्टी का है। यदि ऐसा नहीं होता तो आजम खां आज पार्टी से बाहर होते। राणा ने कहा कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को विवादित बयान देने के आरोपी पूर्व मंत्री आजम खां को पार्टी से बाहर कर देना चाहिए। राणा ने अलीगढ़ में आज प्रदेश सरकार की 100 दिन की उपलब्धियां गिनाईं और कहा कि 45 फीसद तक अपराध कम हुए हैं। कानून व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। कुछ असामाजिक तत्व माहौल बिगाडऩा चाहते हैं।

सरकार की उपलब्धियां गिनाईं-
महत्वपूर्ण कार्यों गिनाते हुए राणा ने कहा कि एंटी भूमाफिया टीम गठित की गई है और करीब 350 लोगों पर मुकदमे दर्ज कर 1895 हेक्टेयर भूमि को कब्जा मुक्त कराया गया है। ई-टेंडरिंग से भ्रष्टाचार कम करने के प्रयास किए गए हैं। बड़ी संख्या में ट्रांसफार्मर बदले गए है। किसान दिवस को सक्रिय किया गया है और आधे से ज्यादा सड़कें गड्ढा मुक्त हो गईं हैं। 65 बस स्टैंडों पर वाई-फाई उपलब्ध कराया गया। कन्या भ्रूण हत्या रोकने के लिए मुखबिर योजना की शुरुआत की गई। जल्द ही अलीगढ़ में 10 एकड़ में मेडिकल कॉलेज की स्थापना की जाएगी। आलू भंडारण के लिए अलीगढ़ में जल्द केंद्र खोला जाएगा। काले हिरण के संरक्षण के लिए पला पल्लू केंद्र में व्यवस्थाएं की जाएंगी।