यूपी में करीब चार महीने बाद होने वाले विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए कैबिनेट विस्तार हो गया है। कांग्रेस से भाजपा में शामिल हुए जितिन प्रसाद सहित सात नेताओं ने मंत्री पद की शपथ ली। जितिन के अलावा, मंत्री पद की शपथ लेने वालों में पलटू राम, संजीव कुमार, संगीता बिंद, दिनेश खटिक, धर्मवीर प्रजापति और छत्रपाल गंगवार शामिल हैं।
योगी सरकार का बहुप्रतीक्षित मंत्रिमंडल विस्तार हो गया है। जितिन प्रसाद को कैबिनेट मंत्री बनाया गया है जबकि पलटू राम, संजीव कुमार, संगीता बिंद, दिनेश खटिक, धर्मवीर प्रजापति और छत्रपाल गंगवार राज्यमंत्री बने।

सभी को राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई है।

वहीं, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कैबिनेट के विस्तार पर कहा कि उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार का मंत्रिमंडल विस्तार भी एक छलावा है। साढ़े चार साल जिनका हक मारा आज उनको प्रतिनिधित्व देने का नाटक रचा जा रहा है। जब तक नये मंत्रियों के नामों की पट्टी का रंग सूखेगा तब तक तो 2022 चुनाव की आचार संहिता लागू हो जाएगी। भाजपाई नाटक का समापन अंक शुरू हो गया है।

शपथ ग्रहण के लिए जितिन प्रसाद सहित सभी नेता राजभवन पहुंच चुके हैं। जितिन प्रसाद कैबिनेट मंत्री बनेंगे जबकि छह अन्य राज्यमंत्री बनेंगे।

राजभवन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व डॉ. दिनेश शर्मा सहित भाजपा के कई पदाधिकारी व मंत्री मौजूद हैं।