यूपी विधानसभा चुनाव 2022 की तैयारियों में जुटी भारतीय जनता पार्टी, गोरखपुर क्षेत्र के मण्डल अध्यक्ष एवं प्रभारियों को सहेजने में लगी है। शनिवार को गोरखपुर आ रहे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर, बस्ती और आजमगढ़ मण्डल के 12 जिलों के मण्डल अध्यक्ष एवं मण्डल प्रभारियों को संबोधित करेंगे। प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह भी मौजूद रहेंगे।

सीएम योगी आदित्यनाथ के साथ प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह, प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और गोरखपुर क्षेत्र के चुनाव प्रभारी अरविंद मेनन एवं विवेक ठाकुर भी कार्यक्रम में शामिल होंगे। यह बैठक योगीराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह एवं संस्कृति केंद्र में सुबह 10 बजे शुरू होगी। मुख्यमंत्री दोपहर में संबोधित करेंगे। बता दें कि वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में गोरखपुर क्षेत्र की 62 विधानसभा सीटों में से भाजपा ने 44 सीटों पर परचम लहराया था।

इसके अलावा 02 सीटों पर सहयोगी दल को सफलता मिली थी। ऐसे में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इन सीटों पर संगठन की सफलता को दोहराने के लिए तत्पर हैं। इन 62 विधानसभा क्षेत्रों में 286 मंडल हैं, जिनमें मण्डल अध्यक्ष एवं मण्डल प्रभारी हैं। बैठक में सभी 12 जिलों के जिलाध्यक्ष, 12 जिलों के जिला प्रभारी, 62 विधानसभा क्षेत्र प्रभारी भी आमंत्रित किए गए हैं। 31 सदस्यीय क्षेत्रीय कार्य समिति भी बैठक का हिस्सा रहेगी। इसके अलावा क्षेत्रीय पदाधिकारी भी शामिल होंगे।

मतदाताओं के बीच पैठ बनाने को प्रेरित करेंगे

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस बैठक में केंद्र एवं प्रदेश सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए मण्डल अध्यक्ष एवं मण्डल प्रभारियों को पूरे उत्साह से जनता के बीच जाने के लिए प्रेरित करेंगे। केंद्र एवं प्रदेश सरकार की उपलब्धियों के साथ लाभार्थीपरक योजनाओं से लाभांवित मतदाताओं के बीच भी पैठ बनाने के लिए प्रेरित करेंगे।