कुंडा, 31 अगस्त 2021

कुंडा विधायक राजा भैया ने मंगलवार को मिशन 2022 का शंखनाद कर जनसेवा संकल्प यात्रा शुरू की। यात्रा जिला मुख्यालय से होते हुए सुल्तानपुर के रास्ते सबसे पहले अयोध्या पहुंचेगी।जनसत्ता दल लोकतांत्रिक (जदलो) के राष्ट्रीय अध्यक्ष रघुराज प्रताप सिंह (राजा भैया) ने कहा कि अयोध्या राजनीति का अखाड़ा नहीं, उनके आराध्य का धाम है। किसी भी कार्य की शुरुआत से पहले प्रभु श्रीराम का आशीर्वाद लेना जरूरी है। भगवान के चरणों माथा टेककर मिशन पर निकलने से सफलता मिलती है।

राजा भैया ने बताया कि पार्टी की नीतियों, सिद्धान्तों को जन-जन तक पहुंचाना, समर्थकों, कार्यकर्ताओं, पार्टी पदाधिकारियों से भेंट करने के लिए जनसेवा संकल्प यात्रा की शुरुआत की है। 2022 के विधानसभा चुनाव के लिए रणनीति तय करनी है। उन्होंने कहा कि चुनाव अभियान तो पहले से ही शुरू था, लेकिन कोविड महामारी के चलते रैलियां, सभाएं, जनसम्पर्क नहीं हो सकता था। इसकी वजह से अभी तक रैली नहीं की गई।

एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि अयोध्या कभी भी हमारे लिए राजनीति का अखाड़ा नहीं रही। अयोध्या हमारे इष्ट का धाम हैं। आराध्य का आशीर्वाद लेकर जो काम शुरू किया जाता है वह सदैव सफल होता है, मंगल होता है। इसके पहले उन्होंने बेंती कोठी में शंख बजाकर चुनावी शंखनाद किया। आचार्य देवव्रत के वैदिक मंत्रोचार के बीच बजरंगबली का पूजन अर्चन कर जनसेवा संकल्प यात्रा की शुरुआत की। बाहर निकलते ही समर्थकों ने फूल मालाओं से लादकर उनका जोरदार स्वागत किया।

इस मौके पर एमएलसी अक्षय प्रताप सिंह गोपाल, पूर्व सांसद शैलेन्द्र सिंह, डा. केएन ओझा, विधायक विनोद सरोज, हरीओम शंकर श्रीवास्तव, पूर्व ब्लॉक प्रमुख संतोष सिंह, मानिकपुर चेयरमैन अबूजैद गुडडू, गुडडू गुप्ता, बीएन सिंह, जिला पंचायत सदस्य बबलू सिंह, संजय सिंह, ध्यानी सिंह, राम सुमेर सेठ, मो. नसर, कुलदीप पटेल, देवेन्द्र सिंह, सुभाष केसरवानी, ज्ञान चन्द सोनकर, विवेक सिंह आदि बड़ी तादाद में समर्थक मौजूद रहे।

रास्तेभर हुआ स्वागत

जनसत्तादल लोकतांत्रिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष रघुराज प्रताप सिंह राजा भैया मंगलवार को जनसेवा संकल्प यात्रा लेकर निकले तो बेंती से लेकर कुंडा नगर तक वाहनों की कतार लगी रही। राजा भैया का काफिला जिधर से निकला, रास्ते में समर्थक रोककर फूल-मालाओं से स्वागत किया। पुराना कुंडा रेलवे फाटक, कुंडा नगर, तिलौरी मोड़, हीरागंज, महेशगंज, राजापुर, डेरवा, जेठवारा, मोहनगंज तक लोगों ने जोरदार स्वागत कर नारे लगाए।