चमोली/बागेश्वर (उत्तराखंड पोस्ट) उत्तराखंड से बड़ी खबर मिली है। उत्तराखंड के माउंट त्रिशूल के आरोहण के लिए गया वायुसेना का दल एवलांच की चपेट में आ गया है। जिसमें करीब 10 पर्वतारोही लापता बताए जा रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक माउंट त्रिशूल के आरोहण के दौरान एवलांच आने से वायुसेना का पर्वतारोही दल इसकी चपेट में आ गया है। एवलांच की चपेट में आने से दस पर्वतारोही लापता बताए जा रहे हैं। नेहरू पर्वतारोहण संस्थान से  राहत-बचाव टीम कर्नल अमित बिष्ट के नेतृत्व में त्रिशूल चोटी के लिए रवाना हो गई है। बता दें कि वायुसेना का दल करीब 15 दिन पहले 7,120 मीटर ऊंची त्रिशूल चोटी के आरोहण के लिए गया था। शुक्रवार सुबह दल चोटी के समिट के लिए आगे बढ़ा। इसी दौरान हिमस्खलन हुआ। जिसकी चपेट में वायु सेना के पर्वतारोही आए हैं। उत्तरकाशी से हेली के जरिये निम की सर्च एंड रेस्क्यू टीम रवाना हो गई है।

इस संबंध में निम के प्रधानाचार्य कर्नल अमित बिष्ट ने बताया यह घटना शुक्रवार सुबह पांच बजे के करीब हुई है। वायुसेना के करीब 10 पर्वतारोही हिमस्खलन की चपेट में आए हैं और लापता चल रहे हैं।