रुद्रप्रयाग, 2 सितम्बर 2021

भारत युवा साधु समाज से जुड़े युवा संत देवस्थानम बोर्ड के विरोध में उतर आए हैं। संतों ने सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय पर देवस्थानम बोर्ड के विरोध में राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। संतों के समर्थन में कांग्रेस सेवादल के पदाधिकारियों ने भी प्रदर्शन किया। सिटी मजिस्ट्रेट जगदीश लाल को एक ज्ञापन भी सौंपा। 30 दिन के अंदर बोर्ड को भंग न करने पर उग्र आंदोलन करने की चेतावनी दी।

गुरुवार को युवा भारत साधु समाज से जुड़े संत सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय के पास एकत्र हुए। यहां उन्होंने राज्य सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। युवा भारत साधु समाज के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष आनंद गिरि ने कहा कि सरकार देवस्थानम बोर्ड के जरिये तीर्थ स्थलों को अपने अधीन लाना चाहती है। इसका पुरजोर विरोध किया जाएगा। किसी भी सूरत में ऐसा नहीं होने दिया जाएगा। सरकार को देवस्थानम बोर्ड को भंग करना ही पड़ेगा। युवा भारत साधु समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवानंद ने चेतावनी देते हुए कहा कि 30 दिन के अंदर सरकार देवस्थानम बोर्ड को भंग करें। अगर इस समयावधि के बीच बोर्ड को भंग नहीं किया गया तो संपूर्ण प्रदेश में सरकार के खिलाफ उग्र आंदोलन शुरू किया जाएगा।

कांग्रेस सेवादल के प्रदेश अध्यक्ष राजेश रस्तोगी ने कहा कि सरकार को देवास्थानम बोर्ड को भंग करते हुए संतों की जायज मांग को पूरा करना चाहिए। अगर ऐसा न किया गया तो इस मामले में न्यायालय का दरवाजा भी खटखटाना पड़ा तो उससे भी पीछे नहीं हटेंगे। प्रदर्शन करने वालों में रविदेव शास्त्री, महंत शिवम, दिनेशदास, महेंद्र राणा आदि शामिल रहे।