श्रीनगर, 3 सितम्बर 2021

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि, चारधाम यात्रा शुरू न होने से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। इसलिए सरकार जल्द यात्रा शुरू करने का रास्ता निकालेगी। शुक्रवार को रामलीला मैदान में आयोजित जन आशीर्वाद रैली को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि, चारधाम यात्रा का मामला न्यायालय के विचाराधीन है। ऐसे में सरकार जल्दी यात्रा शुरू हो, इसका रास्ता निकालने का प्रयास कर रही है।

रैली में धामी ने श्रीनगर को नगर निगम बनाने और पंचपीपल से लेकर श्रीनगर तक डबललेन बाईपास बनाने की घोषणाा की। धामी ने कहा कि, श्रीनगर में बिजली की हाईटेंशन लाइनों को भूमिगत किया जाएगा। नगर निगम की अवस्थापना सुविधाओं के लिए जल्द धनराशि दी जाएगी। धामी ने कहा कि, नगर में जो पानी के मीटर लगे हुए हैं, उनके बिलों में छूट दी जाएगी।

कांग्रेस पर साधा निशाना

मुख्यमंत्री ने रैली में मोदी सरकार के काम गिनाते हुए कांग्रेस पर हमला किया। वे बोले, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में विकास की गंगा बही है। जबकि, पिछले 70 सालों में केवल एक ही पार्टी और परिवार का शासन रहा। जिसमें केवल तुष्टिकरण की राजनीति ही हुई है।