देहरादून, 4 सितम्बर 2021

हिमालय के पर्यावरणीय सरोकारों को समर्पित आपके लोकप्रिय अखबार ‘हिन्दुस्तान’ की मुहिम ‘हिमालय बचाओ अभियान’ फिर शुरु होने जा रहा है। इस बार मुख्य आयोजन सात से नौ सितंबर के बीच होगा। इससे संबंधित कार्यक्रम के तहत शुक्रवार से प्रदेश में कई जगह विधानसभावार कक्षा नौ से 12वीं तक के छात्र-छात्राओं के बीच भाषण प्रतियोगिताएं शुरू हो गई हैं। इस अभियान का संयोजन विधानसभावार अलग-अलग शिक्षक और सामाजिक कार्यकर्ता कर रहे हैं।

दूसरे चरण में छह सितंबर को जिला मुख्यालय में भाषण प्रतियोगिता के बाद प्रत्येक जिले से एक-एक प्रतिभागी का चयन आठ सितंबर को होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा। इस बार अभियान के तहत सभी शहरों के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में ब्लॉक स्तर पर हिमालय क्लबों का भी गठन किया जा रहा है। इनके जरिये राज्यभर में सात से नौ सितंबर के बीच पौधरोपण, स्वच्छता अभियान और हिमालय प्रतिज्ञा आयोजित की जाएंगी। हालांकि, प्रदेश में कई जगह लोगों ने शुक्रवार से ही स्वत: स्फूर्त तरीके से स्वच्छता अभियान, हिमालय प्रतिज्ञा, पौधरोपण जैसे कार्यक्रम प्रारम्भ कर दिए हैं।

अपील: कोरोना नियमों का पालन करें 
‘हिन्दुस्तान’ हिमालय बचाओ अभियान के तहत इस बार हिन्दुस्तान भीड़भाड़ वाले कार्यक्रम नहीं कर रहा है। छात्रों की भाषण प्रतियोगिता के लिए एंट्री वीडियो रिकॉर्डिंग से प्राप्त की जा रही है। पौधरोपण एवं स्वच्छता संबंधी कार्यक्रम भी कोरोना नियमों का अनुपालन करते हुए करवाए जा रहे हैं। कई शिक्षण संस्थाएं, स्कूल और संगठन  खुद ही ऐसे आयोजन करने लगे हैं। उनसे आग्रह है कि ऐसे कार्यक्रम के आयोजन में कोरोना नियमों का सख्ती से पालन अवश्य करें।

दून में बच्चों ने हिमालय प्रतिज्ञा ली 
देहरादून में शुक्रवार को स्कूली बच्चों ने हिमालय बचाओ प्रतिज्ञा ली। प्रार्थना सभा के दौरान बच्चों को हिमालय का महत्व बताया गया। आपके अपने अखबार ‘हिन्दुस्तान’ की मुहिम हिमालय बचाओ अभियान के तहत शुक्रवार को कारगी स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में शपथ ली गई। प्रधानाचार्य हेमवंती नौटियाल, प्रभारी पल्लवी संजय कंडारी समेत कई शिक्षिकाओं ने इसमें हिस्सा लिया। राजपुर रोड स्थित जीजीआईसी में भी हिमालय प्रतिज्ञा ली गई। प्रधानाचार्य प्रेमलता बौड़ाई ने छात्राओं को हिमालय के पर्यावरण के प्रति जागरूक किया। पॉलीथिन का प्रयोग न करने की सलाह दी। जागरूक करने का संदेश दिया।

हिमालय बचाने के लिए सामूहिक प्रयास पर जोर
विकासनगर।
 आपके अपने अखबार ‘हिन्दुस्तान’ के हिमालय बचाओ अभियान का आगाज पछुवादून और जौनसार में हुआ। शिक्षण संस्थानों में छात्र-छात्राओं ने हिमालय बचाने की शपथ ली। इस दौरान राजकीय इंटर कॉलेज कालसी और एसजीआरआर इंटर कॉलेज सहसपुर में भाषण प्रतियोगिता हुई। इस मौके पर कालसी में प्रधानाचार्य अतर सिंह चौहान, सहसपुर के प्रधानाचार्य रविंद्र सैनी ने हिमालय बचाने को सामूहिक प्रयास करने पर जोर दिया। भाषण प्रतियोगिता में राइंका कालसी में अनीता, एसजीआरआर सहसपुर में रिया रावत प्रथम रहीं।

छात्र बोले-हिमालय को बचाना हम सबकी जिम्मेदारी
ऋषिकेश। 
आपके अपने अखबार ‘हिन्दुस्तान’ के हिमालय बचाओ, पॉलिथीन हटाओ अभियान का कारवां शुरू हो गया है। शुक्रवार को ऋषिकेश एवं डोईवाला में स्कूली छात्रों और शिक्षकों में हिमालय प्रतिज्ञा को लेकर उत्साह नजर आया। छात्रों ने भाषण प्रतियोगिता के माध्यम से हिमालय को बचाने के लिए लोगों को जागरूक  करने का संदेश दिया। शुक्रवार को शहर के छह स्कूल-भरत मंदिर इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, हरिश्चंद गुप्ता, आवास विकास स्थित सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, राजकीय आईडीपीएल इंटर कॉलेज, पंजाब सिंध क्षेत्र  के छात्रों ने हिमालय प्रतिज्ञा ली। छात्रों ने कहा कि हिमालय को तभी बचाया जा सकता है, जब हम सब अपनी जिम्मेदारी को समझेंगे। उन्होंने हिमालयी क्षेत्र में पॉलिथीन का इस्तेमाल ना करने पर जोर दिया।

हमारे देश की आन-बान और शान है पर्वतराज हिमालय
कलियर। 
पिरान कलियर क्षेत्र के मेहवड़कला गांव स्थित जीवन ज्योति इंटर कॉलेज में छात्रों और शिक्षकों ने हिमालय प्रतिज्ञा ली। प्रधानाचार्या रुचि शर्मा एवं प्रबन्धक अंकित शर्मा ने छात्रों से कहा कि हिमालय हमारे देश का मस्तक है और देश की आन-बान एवं शान है। हिमालय को सुरक्षित रखना, हम सबकी जिम्मेदारी है।

इसलिए हमें पर्यावरण को साफ स्वछ रखने के लिए अपने जीवन में एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसकी सुरक्षा करनी चाहिए। हमें पॉलिथीन का प्रयोग बिल्कुल भी नहीं करना चाहिए। सभी को प्रतिज्ञा लेकर पर्यावरण दूषित होने से बचाना चाहिए। हम सभी देशवासियों को एक साथ मिलकर शपथ लेनी चाहिए।

छात्रों और शिक्षकों ने ली हिमालय बचाने की प्रतिज्ञा
झबरेड़ा। 
चौधरी भरत सिंह डीएवी इंटर कॉलेज झबरेड़ा में छात्र-छात्राओं एवं अध्यापकों ने हिन्दुस्तान हिमालय बचाओ अभियान के तहत प्रतिज्ञा ली।
प्रधानाचार्य ओम सिंह सैनी ने कहा कि सबको गांव हो या शहर, पौधे लगाने चाहिए। पॉलिथिन का प्रयोग नहीं करने की शपथ लेनी चाहिए। हिमालय बचाने के लिए सभी देशवासियों को मिलकर शपथ लेकर काम करना चाहिए। इस अवसर पर बाबू सिंह, ओमपाल सिंह, सुशील आर्य, अजब सिंह आदि थे।

भाषण प्रतियोगिता में अमन को पहला स्थान
मंगलौर। 
हिन्दुस्तान हिमालय बचाओ अभियान के तहत मंगलौर विधानसभा के दुर्गा मॉडर्न इंटर कॉलेज में भाषण प्रतियोगिता हुई। इसमें नौ से 12वीं के विद्यार्थियों ने भाग लिया। 12वीं के अमन प्रथम, 10वीं की सोबी द्वितीय और 11वीं के अक्षित तृतीय रहे। प्रधानाचार्य मनोज शर्मा ने कहा कि ‘हिन्दुस्तान’ लगातार हिमालय बचाओ अभियान चला रहा है। अगर हिमालय के अस्तित्व पर संकट आता है तो यह पूरी मानव सभ्यता के लिए घातक होगा।

हिमालय बचाने के लिए छात्र-छात्राओं ने प्रतिज्ञा ली
हरिद्वार। 
शुक्रवार को ‘हिन्दुस्तान’ के हिमालय बचाओ अभियान के तहत रानीपुर विधानसभा में भाषण स्पर्धा हुई। राजकीय कन्या इंटर कॉलेज ज्वालापुर में छात्राओं ने हिमालय संरक्षण के लिए आगे आने की अपील की। कक्षा 11 की दीक्षा सैनी प्रथम, 12वीं की अंजलि द्वितीय और कक्षा 11 की प्रीति सैनी तृतीय रहीं। दीक्षा ने कहा कि हिमालय संरक्षण के लिए पहले स्वयं जागरूक होना होगा। मनुष्य अपने आनंद के लिए पर्वतों पर जाते हैं। लेकिन वहां जाकर प्लास्टिक, पॉलीथिन से प्रदूषण फैलाने का काम कर रहे हैं। इससे हिमालय और पर्यावरण को नुकसान पहुंच रहा है। प्रदूषण की समस्या बहुत विकराल होती जा रही है। इस वजह
से जल, वायु और ग्लोबल वार्मिंग जैसी समस्याएं जन्म ले रही हैं।

चमोली में प्रतिज्ञा ली
गोपेश्वर। 
‘हिन्दुस्तान’ के हिमालय बचाओ अभियान के तहत कई शिक्षण संस्थाओं में कोविड नियमों का पालन कर शिक्षकों और छात्रों ने हिमालय बचाओ प्रतिज्ञा ली। पोखरी विकास खंड के राजकीय इंटर कॉलेज गोदली और आसपास के शिक्षण संस्थाओं के शिक्षकों और छात्रों ने हिमालय प्रतिज्ञा लेकर हिमालय के पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

हिमालय की सुरक्षा को आगे आए शिक्षक-छात्र
उत्तरकाशी।
 ‘हिन्दुस्तान’ हिमालय बचाओ अभियान के तहत शुक्रवार को जिला मुख्यालय उत्तरकाशी, पुरोला, चिन्यालीसौड़ में एक हजार से अधिक  छात्रों, शिक्षकों ने हिमालय प्रतिज्ञा ली। शुक्रवार को राजकीय इंटर कॉलेज जोशियाड़ा, चिन्यालीसौड़ बिरजा इंटर कालेज सहित राजकीय इंटर कॉलेज पुरोला में शपथ ली गई। वक्ताओं ने कहा कि हिमालय संरक्षण के प्रति घर-घर जागरूकता, जनसहभागिता का संदेश पंहुचाने के लिए छात्र अहम कड़ी का काम करते हैं।

देवप्रयाग में भाषण में स्नेहा गैरोला अव्वल
देवप्रयाग। 
‘हिन्दुस्तान’ हिमालय बचाओ अभियान के तहत देवप्रयाग विस के तहत जीआईसी सजवाण कांडा (कांडाधार) में हिमालय का पर्यावरण एवं जनसहयोग विषय पर भाषण प्रतियोगिता हुई। जीआईसी हिसरिया खाल की 10वीं की छात्रा स्नेहा गैरोला प्रथम रहीं।

भाषण प्रतियोगिता में फरमान ने मारी बाजी
कोटद्वार। 
‘हिन्दुस्तान’ हिमालय बचाओ अभियान के तहत राजकीय इंटर कॉलेज कोटद्वार में भाषण स्पर्धा हुई। छात्रों ने कोरोना गाइडलाइन के तहत प्रतिभाग किया। नौवीं के फरमान प्रथम रहे। शुक्रवार को वक्ताओं ने कहा कि हिमालय विविध प्राकृतिक, आर्थिक एवं पर्यावरणीय कारणों से अहम है। हिमालय पर्वत का महत्व न केवल इसके आसपास के देशों के लिए है, बल्कि पूरे विश्व के लिये है। यह ध्रुवीय क्षेत्रों के बाद पृथ्वी पर सबसे बड़ा हिमाच्छादित क्षेत्र है।