अल्मोड़ा। सल्ट से भाजपा विधायक महेश जीना पर हमला।

विधायक को अस्पताल में कराया गया भर्ती।

भाकुड़ा के पास एक व्यक्ति ने किया विधायक पर हमला।

आरोपी व्यक्ति ने विधायक के चेहरे पर मारा मुक्का।

विधायक मौके पर हुए बेहोश।

आरोपी व्यक्ति खुद को बता रहा भाजपा नेता।

आरोपी व्यक्ति को स्थानीय जनता ने पकड़ कर किया तहसीलदार के हवाले।

उत्तराखण्ड भाजपा के सल्ट से विधायक महेश जीना पर भाकुड़ा के पास एक व्यक्ति ने हमला कर दिया। खुद को कथित रूप से भाजपा उपाध्यक्ष बता रहे व्यक्ति ने विधायक की नाक पर मुक्का मार दिया, जिससे वह मौके पर बेहोश हो गए।

कहा जा रहा है कि इस दौरान पथराव भी किया गया। विधायक को अस्पताल में भर्ती करवा दिया गया। फिलहाल मामले में कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है। विधायक जीना ने बृहस्पतिवार को दिन में देघाट क्षेत्र में भैड़गांव और भरसोली में दो सड़कों का उद्घाटन किया।

शाम तीन बजे बीजेपी विधायक महेश जीना ने भरसोली में रामलीला का उद्घाटन किया। जिसके बाद शाम साढ़े चार बजे विधायक काफिले के साथ भाकुड़ा पहुंचे। यहां पर खुद को कथित रूप से भाजपा उपाध्यक्ष बता रहे व्यक्ति ने चार-पांच लोगों के साथ उनकी कार रोक दी और उनसे उलझ पड़ा।

खुद को भाजपा उपाध्यक्ष बता रहे व्यक्ति ने गाड़ी में बैठे विधायक महेश जीना की नाक पर मुक्का दे मारा, जिससे कुछ देर के लिए विधायक बेहोश हो गए।

मुक्का मारने वाले व्यक्ति को लोगों ने पकड़ कर मौके पर पहुंचे तहसीलदार के हवाले कर दिया। जबकि उसके अन्य साथी मौके से फरार हो गए। विधायक को उपचार के लिए अतिरिक्त स्वास्थ्य केंद्र स्याल्दे में भर्ती कराया गया।

  • सूचना के बाद एसडीएम शिप्रा जोशी भी अस्पताल पहुंचीं। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौके पर जमा हो गए, राजस्व पुलिस मौके पर पहुंची। एसएसपी पंकज भट्ट ने बताया कि मामला राजस्व क्षेत्र का है। घटना के बाद पुलिस भी पहुंच गई है। पूरे मामले की जांच की जाएगी।