Weather, Weather Department, Alert, Delhi, Uttar Pradesh ,hurricane

नई दिल्ली: लगातार मौसम का बदलता मिजाज लोगों की मुश्किलें खड़ी कर सकता है। चिलचिलाती धूप और उमस भरी गर्मी के बाद अब आंधी-तूफान आने का अनुमान है। मौसम विभाग ने शनिवार (09 जून) को मुंबई में भारी बारिश की आशंका जताई है। मौसम विभाग के मुताबिक, मुंबई सहित महाराष्ट्र के उत्तरी तटीय क्षेत्र में 9 जून से 12 जून तक बारिश तेज होने का पूर्वानुमान है। विभाग ने ऐसा ही अनुमान यूपी और आसपास के राज्‍यों के लिए जताया है। वहीं, शुक्रवार (08 जून) को उत्तर प्रदेश में तेज आंधी और तूफान ने एक बार फिर कहर बरपाया है। अब तक मिली जानकारी के मुताबिक, सूबे में तेज आंधी से 24 लोगों की मौत हो गई है। हालांकि कहा जा रहा है कि पूर्वी इलाकों में उमस से निजाल फिलहाल नहीं मिलने वाली है।

दिल्ली में नमी वाला मौसम, बारिश की संभावना
वहीं दिल्लीवासियों को आज गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है क्योंकि राष्ट्रीय राजधानी में बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अधिकारी ने यह जानकारी दी। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली आज की सुबह नमी वाली रही। यहां का न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो इस मौसम के सामान्य तापमान से दो डिग्री सेल्सियस अधिक था। आद्र्रता का स्तर 71 फीसदी दर्ज किया गया। अधिकारी ने बताया कि मौसम वैज्ञानिकों ने आज दोपहर में बारिश की संभावना जाहिर की है। अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। कल अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।