उन्नाव में रात में आइसक्रीम खाने निकली 16 साल की एक लड़की को कार सवार युवकों ने अगवा कर गैंगरेप किया। आरोप है कि दोनों लड़की को लेकर एक होटल में गए। वहां उसके साथ गैंगरेप करने के बाद छोड़ दिया। पुलिस ने केस दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार उन्‍नाव के दही थाना क्षेत्र के एक मोहल्ले की रहने वाली यह लड़की रविवार की रात में घर से आइसक्रीम खाने के लिए निकली थी। तभी कार सवार दो युवक वहां आ गए। उन्‍होंने लड़की को झांसे में लेकर उसे होटल ले जाकर गैंगरेप किया। फिर छोड़ दिया। पीड़िता ने मां को अपने साथ हुई आपबीती बताई तो मां ने नाबालिग बेटी के साथ थाने पहुंच कर तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।
पीड़ित परिवार उन्‍नाव के ही हसनगंज थाना क्षेत्र के एक गांव का रहने वाला है। ये लोग शहर के दही थाना क्षेत्र के एक मोहल्ले में किराए के मकान में रहते हैं। मां के मुताबिक रविवार रात बेटी घर से निकली थी। वह देर रात तक घर नहीं पहुंची तो परिवार उसे ढूंढने लगा। शिवनगर स्थित कोयला वली गली में वह मिली। मिलने पर लड़की ने बताया कि वह आइसक्रीम खाने जा रही थी कि मजार के पास पान ग्रो लान के मालिक अनिल तुली और सुनील कार से आ गए। उम्र में काफी बड़े होने के चलते लड़की ने दोनों को अपने पिता की तरह समझा। उन्होंने पूछा कि कहां जा रही हो।
जब लड़की ने बताया कि आइसक्रीम खाने जा रही है तो उन्‍होंने उससे कहा कि आओ हम तुम्हें आइसक्रीम खिलाते हैं। इसके बाद उन्‍होंने उसे अपनी गाड़ी में बिठा लिया। फिर गदनखेड़ा स्थित होटल विशाल पैलेस के पास ले गए। वहां कमरे में उन्‍होंने लड़की के साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया। मामले की जानकारी होने पर मां अपनी नाबालिग बेटी को लेकर रात में ही थाने पहुंची। उसने पुलिस को तहरीर दी। इसके आधार पर पुलिस ने अनिल तुली और सुनील के खिलाफ अपहरण, गैंगरेप और पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज कर उन्‍हें गिरफ्तार कर लिया।