गुलजार

पाकिस्तान दिन-प्रतिदिन बढ़ती जनसंख्या की समस्या से जूझ रहा है। ऐसे में पाकिस्तान से एक ऐसा मामला सामने आया है जहाँ पर तीन ऐसे लोगों के बारे में पता चला है, जिनके 96 बच्चे हैं। आपको बता दें कि साल 1998 के बाद पाकिस्तान में अब हुई जनगणना से यह बात सामने आई है कि पाकिस्तान की जनसंख्या वृद्धि दर चीन और भारत से भी तेजी से बढ़ रही है। साल 1998 में पाकिस्तान की जनसंख्या 13.5 करोड़ थी, वो अब 2017 में 20 करोड़ हो गई है।

विश्व बैंक और सरकारी आंकड़ों के अनुसार, पाकिस्तान में हर महिला के औसतन तीन बच्चे हैं, जो दक्षिण एशिया में सबसे अधिक जन्म दर है।

इस बात की खबर जब पाकिस्तानी मीडिया को हुई तो पाकिस्तान के पत्रकारों ने इन तीनों से पाकिस्तान की बढ़ती जनसंख्या और उनके बच्चों से जुड़े कुछ सवाल पूछे। जिसके जवाब में इनका कहना था कि, ‘अल्लाह उनकी जरूरतें पूरी कर देगा।’

57 वर्षीय नागरिक गुलजार खान पाकिस्तान के बन्नू इलाके में रहते हैं उनके 36 बच्चे हैं। गुलजार खान का कहना है, ‘कि वे फैमिली प्लानिंग को नही मानते। उन्होंने कहा – ये तो अल्लाह की देन है, बच्चा पैदा करना प्राकृतिक प्रक्रिया है, मैं इसे क्यों रोकूं।’

गुलजार खान की तीसरी पत्नी भी गर्भवती हैं। गुलजार के बड़े भाई मस्तान खान वजीर (70) की भी तीन बीबीयां और 22 बच्चे हैं। वजीर का कहना है – ‘अल्लाह पर भरोसा रखें, वह अपने बंदों के रहने खाने का इंतजाम कर देता है।’

बलूचिस्तान के क्वेटा में रहने वाले जान मोहम्मद के 38 बच्चे हैं। जान मोहम्मद का मानना है कि दुनिया में मुसलमानों की ताकत बढ़ाने के लिए उनकी जनसंख्या का बढ़ना जरूरी है।