प्रियंका चोपड़ा आए दिन मीडिया की सुर्खियों में रहती हैं। उन्होंने अपनी अभिनय प्रतिभा के बूते बॉलीवुड ही नहीं, बल्कि हॉलीवुड तक का सफर शानदार अंदाज में तय किया है। प्रियंका चोपड़ा ने बीते दिनों कहा था कि उन्हें बॉलीवुड में साइडलाइन किया गया, इसलिए उन्होंने इस इंडस्ट्री को छोड़ने का फैसला किया था। प्रियंका चोपड़ा अपने पति निक जोनस और बेटी मालती के साथ यूएस में रहती हैं। प्रियंका के लिए यह देश कोई नया नहीं है। उन्होंने अपनी पढ़ाई भी वहां रहकर पूरी की। जब वह पढ़ाई करने के बाद वापस भारत आईं तो उनका व्यवहार काफी बदल गया था। इस बारे में खुद उन्होंने खुलासा किया है।

बदल गया था पूरा स्टाइल
प्रियंका ने एक बातचीत के दौरान कहा कि 16 वर्ष की उम्र में जब वह अमेरिका से वापस लौटकर इंडिया आईं तो वह काफी अहंकारी हो गई थीं। एक्ट्रेस ने कहा कि वह सोचने लगी थीं कि अब वह महान हो गई हैं। प्रियंका ने आगे कहा कि विदेश से लौटने के बाद वह काफी स्टाइल में रहने लगीं। जुल्फे लहराना, मेकअप करना और अजीब कपड़े पहनना शुरू कर दिया। उनका व्यवहार कुछ ऐसा हो गया, जिसकी उनके पेरेंट्स को बिल्कुल उम्मीद नहीं थी।

पिता ने अपनाया सख्त रवैया
इतना ही नहीं, लड़के भी प्रियंका चोपड़ा का पीछा करने लगे और घर तक आने लगे। एक लड़के ने तो अपने घर की बालकनी से छलांग ही लगा दी थी। यह सब देखकर प्रियंका चोपड़ा के पिता काफी नाराज हुए और उन्होंने काफी सख्त रवैया अपनाया। इसके बाद आखिरकार, प्रियंका ने अपना करियर बनाना शुरू किया और इसके बाद वह काफी समझदार हो गईं।

मेट गाला में की शिरकत
हाल ही में प्रियंका चोपड़ा ने मेट गाला 2023 फैशन इवेंट में शिरकत की। यहां पति निक जोनस के साथ प्रियंका चोपड़ा काफी बिंदास अंदाज में नजर आईं। इस दौरान निक ने अपनी और प्रियंका चोपड़ा की लव स्टोरी भी साझा की। वर्क फ्रंट की बात करें तो प्रियंका इन दिनों अपनी सीरीज ‘सिटाडेल’ को लेकर चर्चा में हैं। एक्ट्रेस जल्द ही फरहान अख्तर की बॉलीवुड फिल्म ‘जी ले जरा’ में काम शुरू करेंगी। इस फिल्म में उनके साथ आलिया भट्ट और कटरीना कैफ भी नजर आएंगी।