Mulayam Akhilesh

समाजवादी पार्टी में चल रहे गृहयुद्ध में हर रोज नये मोड़ आते जा रहे हैं। सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव यूपी चुनाव के बाद से शिवपाल के समर्थन में बयान देते नजर आ रहे थे मगर प्रेस कांफ्रेंस में उन्होंने अखिलेश को अपना आशीर्वाद दिया था। इस बीच सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव लखनऊ में सपा संरक्षक मुलायम सिंह से मिलने पहुँचे हैं।

3 महीने बाद मिले पिता-पुत्र-
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव आज मुलायम सिंह से मिलने पहुँचे थे। दोनों के बीच ये मुलाकात लगभग 3 महीने बाद हुई थी। इस मुलाकात को पिछली सभी मुलाकातों से काफी अहम माना जा रहा था। बीते दिनों मुलायम सिंह यादव ने लखनऊ में लोहिया ट्रस्ट में प्रेस कांफ्रेंस की थी। इसमें उन्होंने अखिलेश के फैसलों पर कड़ी नाराजगी जताई थी। मुलायम की नाराजगी के बाद अब अखिलेश उन्हें मनाने के लिए पहुँचे थे। प्रेस कांफ्रेंस में मुलायम कह चुके हैं कि पुत्र हैं अखिलेश तो आशीर्वाद उनके साथ है। साथ ही उन्होंने नयी पार्टी न बनाने का ऐलान करते हुए सपा से जुड़े रहने का बयान दिया था।

मुलायम सिंह यादव ने कहा था कि समाजवादी सोच वाले पार्टी से जुड़ें और सपा को मजबूत करें। इसके बाद से अखिलेश गुट के युवा नेताओं का मुलायम के घर जाने का सिलसिला बढ़ गया है। सपा संरक्षक मुलायम से मिलने पहुँचे अखिलेश ने उनसे कई मुद्दों पर बात की। ये मुलाकात लगभग 1 घंटें तक मुलायम के आवास पर चली थी। इस दौरान अखिलेश ने आगरा के राष्ट्रीय अधिवेशन में आने के लिए मुलायम को आमंत्रित किया। जिसे मुलायाम सिंह ने स्वीकार कर लिया है। सपा अध्यक्ष अखिलेश और मुलायम के बीच मुलाकात के बाद सियासी हल्कों में चर्चाएं बढ़ गयी हैं।