ausu

इलाहाबाद, इलाहाबाद विश्वविद्यालय में इस बार हुए छात्रसंघ चुनाव में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के महत्वपूर्ण सीट पर समाजवादी पार्टी की छात्र इकाई समाजवादी छात्रसभा ने अपना कब्ज़ा जमाया. इस इकाई से जुड़े अवनीश यादव ने अध्यक्ष पद पर जीत हासिल की वहीं इसी संगठन के चंद्रशेखर चौधरी ने उपाध्यक्ष पद पर जीत हासिल की। महामंत्री पद पर भाजपा से जुड़े छात्र संगठन एबीवीपी के निर्भय कुमार द्विवेदी ने विजय प्राप्त की।

शनिवार देर रात में घोषित परिणामों के अनुसार अध्यक्ष बने अवनीश यादव ने मृत्युंजय परमार को हराया जो किसी राजनीतिक दल के छात्र संगठन से नहीं जुड़े हुए हैं। अध्यक्ष पद की एबीवीपी की प्रत्याशी प्रियंका तीसरे स्थान पर रहीं। इसी तरह उपाध्यक्ष पद के चुनाव में एबीवीपी के चितवंत कुमार तिवारी दूसरे स्थान पर रहे।

महामंत्री निर्वाचित हुए एबीवीपी के द्विवेदी ने निकटतम प्रत्याशी एनएसयूआई के अर्पित सिंह को हराया।