catalonia

बार्सिलोना। कैटेलोनिया ने लंबी लड़ाई के बाद स्पेन से खुद को आजाद घोषित कर दिया है। शुक्रवार को स्पेन की संसद कैटेलोनिया पर सीधे नियंत्रण बनाए रखने के लिए मतदान कराने की योजना में थी, लेकिन उससे पहले ही कैटेलोनिया की संसद ने मतदान कर इसकी घोषणा कर दीl शुक्रवार को स्थानीय संसद द्वारा पारित प्रस्ताव में कहा गया कि कैटेलोनिया ने एक स्वतंत्र, संप्रभु और सामाजिक लोकतांत्रिक राज्य का गठन किया है।

आजादी की घोषणा वाले प्रस्ताव के पक्ष में 70 वोट आए, जबकि विपक्ष में 10 वोट पड़े। दो सदस्य मतदान से अनुपस्थित रहे। कैटेलोनिया की 135 सदस्यीय संसद में मतदान से पहले विपक्षी सांसद वाकआउट कर गए। विपक्षी सदस्यों का कहना था कि इस घोषणा को स्पेन और विदेश से आधिकारिक मान्यता मिलने की संभावना नहीं है। संसद ने दूसरे देशों और संस्थानों से उसे मान्यता देने की अपील की है। प्रस्ताव में कहा गया है कि वह स्पेन के साथ नए गणराज्य की स्थापना में सहयोग करना चाहता है। जब यह प्रस्ताव पास हुआ तो स्वतंत्रता समर्थक हजारों लोग संसद भवन के बाहर जमा थे। हालांकि, विपक्षी सदस्यों ने संसद की बैठक में हिस्सा नहीं लिया।

कैटेलोनिया में स्पेन की करीब 16 फीसद आबादी रहती है।  स्पेन की आर्थिक क्षमता में उसका हिस्सा 20 फीसद है। यह देश का पूर्वोत्तर इलाका है। आजादी की मांग को लेकर हुए प्रदर्शन में लगभग 10 लाख लोगों ने भाग लिया था। कैटेलोनिया प्रशासन ने घोषणा कर बताया था कि जनमत संग्रह में भाग लेने वाले 90 फीसदी लोग स्पेन से अलग होना चाहते हैं। वहीं, स्पेन का कहना था कि देश की संवैधानिक अदालत ने इस जनमत संग्रह को अवैध करार दिया है। शुक्रवार को कैटालोनिया अलग होकर आजाद मुल्क बन गया।