मेरठः उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि किसानों के नाम पर चुनाव आंदोलन चल रहा है। जिसे राजनीतिक दल प्रायोजित कर रहे हैं। योगी सरकार ने उत्तर प्रदेश को बीमारू राज्यों की सूची से निकाल कर देश की अग्रणी पंक्ति में शामिल कराया है।

भाजपा बिना किसी भेदभाव के सबका साथ, सबका विकास की नीति पर कार्य कर रही है। 2022 में भाजपा को 350 सीटों पर जीत हासिल होगी। सर्किट हाउस में विकास कार्यों के लोकार्पण समारोह में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि उत्तर प्रदेश को अपराध मुक्त और भ्रष्टाचार मुक्त बनाने के कार्य में योगी सरकार जुटी है। प्रदेश में 24 घंटे बिजली आपूर्ति मिल रही है। अब बिजली चले जाने की खबर नहीं आती। 2014 से लगातार भाजपा उत्तर प्रदेश का विकास करने में जुटी है। प्रदेश में कानून की सरकार है। विकास कार्यों के लिए देश और प्रदेश में एक ही पार्टी की सरकार चाहिए। प्रदेश और देश में इस समय विकास की गंगा बह रही है। गांव-गांव में विकास हो रहा है। अगर 2017 में सपा की सरकार बनती तो प्रदेश खाली हो जाता।

केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि देश में भाजपा के 300 से ज्यादा सांसद जीतते ही धारा 370 खत्म हो गई। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि 2017 में भी वह 300 से अधिक सीटों पर जीत का दावा करते थे, अब 400 सीटों को जीतने की बात कह रहे हैं। उनकी बातों में कोई दम नहीं है। 2022 में फिर से भाजपा को जनता का समर्थन हासिल होगा। सपा-बसपा-कांग्रेस की सरकारों में 100 रुपए में से 85 रुपए भ्रष्टाचार में खत्म हो जाते थे। अब विपक्ष के लोग मोदी चालीसा और भाजपा चालीसा पढ़ रहे हैं। वे जनता को भ्रमित करने का कार्य कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के विकास के लिए डबल इंजन की सरकार की जरूरत है। पार्टी कार्यकर्ता पूरी ताकत लगाकर 2022 के चुनावों की तैयारी करें। जनता अपना आशीर्वाद देने को तैयार है। 2002 का चुनाव विकास का चुनाव होगा। उन्होंने कहा कि किसानों के नाम पर चुनाव आंदोलन चलाया जा रहा है। राजनीतिक दलों की ओर से प्रायोजित आंदोलन चलाया जा रहा है। यह किसानों का आंदोलन नहीं है। चुनाव में मुकाबला करना है तो जनता के बीच में आएं। किसान पूरी तरह से भाजपा के साथ है और रहेंगे। गोरखपुर के मनीष गुप्ता कांड में दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।