Lucknow, UP storm, 15 died, 9 wounded

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में शुक्रवार रात आए आंधी-तूफान से 15 लोगों की मौत हो गई, जबकि 9 लोग घायल हो गए हैं। इनमें से ज्यादातर की मौत पेड़ गिरने और मकान गिरने से हुई है। उत्तर प्रदेश के सूचना विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रभावित सभी जिलों के जिलाधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वह 24 घंटे के अंदर प्रभावित लोगों को राहत सामग्री पहुंचाए और उनकी हरसंभव मदद करें।

एक सरकारी प्रवक्ता ने यहां बताया कि आज सुबह पौने 11 बजे तक राज्य मुख्यालय पर मिली जानकारी के अनुसार कल रात आए आंधी-तूफान से सर्वाधिक नुकसान मुरादाबाद जिले में हुआ। यहां 7 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 3 अन्य घायल हो गए हैं। मुजफफरनगर जिले में 2 लोगों की मौत हो गई और 2 अन्य घायल हो गए, मेरठ में 2 लोगों की मौत, अमरोहा में एक व्यक्ति की मौत तथा 4 लोग घायल और संभल में 3 लोगों की मौत हुई है।

उन्होंने बताया कि इन सभी जिलों में यह हादसे पेड़ और मकान गिरने से हुए, जबकि अमरोहा में एक व्यक्ति की मौत टीन शेड गिरने से हुई। उन्होंने बताया कि सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वह तुरंत राहत एवं बचाव अभियान चलाए और 24 घंटे के अंदर पीड़ितों को राहत सामग्री पहुंचा दी जाए।