Mayawati

बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती ने भाजपा पर अदालत से टकराने का आरोप लगाते हुए कहा है कि कोर्ट का सम्मान नहीं करना खतरनाक प्रवृति है। बुधवार को जारी बयान में उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा है कि केंद्र व प्रदेशों में सरकार बनने के बाद से भाजपा नेताओं द्वारा अदालतों व जजों का अपमान करने वाली भाषा बोलने का क्रम जारी है। इसके चलते न्यायालय ने कई बार फटकार भी लगाई है, मगर सत्ताधारी नेताओं में अहंकारी मानसिकता कायम है। बसपा की अध्यक्ष मायावती ने महाराष्ट्र का हवाला देते हुए आरोप लगाया है कि कोर्ट की फटकार के बाद प्रदेश सरकार को हलफनामा देना पड़ा और बिना शर्त माफी भी मांगनी पड़ी थी।

बसपा की अध्यक्ष मायावती ने कहा है कि भाजपा सरकार के मंत्रियों व बड़े नेताओं का अहंकार जनता को परेशान करने लगा है। उन्होंने कहा कि न्यायालय का आदर सम्मान करना समाज और लोकतंत्र हित में जरूरी है। सत्ताधारी दलों को ऐसा व्यवहार शोभा नहीं देता है। बसपा प्रमुख मायावती ने आरोप लगाया है कि भाजपा शासित राज्यों में विपक्षी दलों के नेताओं से अपमानजनक व्यवहार किया जा रहा है। गुजरात में पाटीदार आंदोलन के नेता हार्दिक पटेल को सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग कर लगातार परेशान करने का आरोप लगाते हुए बसपा प्रमुख ने कहा कि सरकार के मंत्रियों के अहंकार को जनता ज्यादा बर्दाश्त नहीं करेगी।