दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश समेत देश के कई राज्यों में आने वाले कुछ दिनों में सर्दी बढ़ सकती है। हिमाचल में बर्फबारी के साथ ही ठंड अब बढ़ने की ओर है। गुरुवार से ही हिमाचल प्रदेश के मनाली, कांगड़ा, चंबा और किन्नौर की वादियों में बर्फबारी का दौर जारी है और इसके चलते तापमान लुढ़क गया है। यही नहीं मौसम विभाग के अनुसार कश्मीर में भी शुक्रवार से बर्फबारी होने की संभावना है, जो करीब तीन दिनों तक जारी रहेगी। ऐसे में दिल्ली, पंजाब, यूपी, राजस्थान और हरियाणा जैसे राज्यों में सर्दी बढ़ सकती है। इससे तापमान में बड़ी गिरावट आने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक 5 दिसंबर से 20 दिसंबर तक सर्दी काफी अधिक हो सकती है।

पाहड़ों पर बर्फ पड़ने से मैदानी इलाकों में शीतलहर चलती दिखेगी। फिलहाल दिल्ली में न्यूनतम तापमान 12 से 13 डिग्री के बीच है। इसमें सोमवार यानी 6 दिसंबर से गिरावट देखने को मिलेगी और यह 10 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क सकता है। यही नहीं मंगलवार को इसके 8 डिग्री सेल्सियस और फिर सप्ताह के अंत तक 6 डिग्री तक गिरने की संभावना है। गुरुवार से हिमाचल प्रदेश के रोहतांग दर्रा, कुंजुम दर्रा, लेडी ऑफ केलांग, बारालाचा, सप्तर्षि पहाड़ियों और गोशाल पहाड़ियों और किन्नौर जिले में किन्नौर-कैलाश पर्वतमाला, चंबा के मणिमहेश और पांगी, भरमौर तथा कांगड़ा जिले के धौलधार सहित ऊंची पर्वतों पर बर्फबारी का दौर जारी है।