पाहन

15 लाख के इनामी नक्सली कमांडर कुंदन पाहन ने रविवार को पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया है। उस पर 128 से अधिक मामले दर्ज हैं, जिसमे से 50 केस खूंटी और 42 रांची में दर्ज है। नक्सली कमांडर कुंदन पाहन ने झारखंड की राजधानी रांची में सरेंडर किया। नक्सली कुंदन पाहन ने खुलासा किया है कि साल 2000 में नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्पकमल दहल प्रचंड के साथ उसने झुमरा पहाड़ पर हथियार चलाने की ट्रेनिंग ली थी।

दैनिक भास्कर में छपी खबर के मुताबिक, कुंदन और प्रचंड हथियार चलाने की ट्रेनिंग वेस्ट बंगाल के शीर्ष माओवादी नेता मनीष दा ने दिया था। इसमें प्रचंड के साथ लगभग 20 अन्य लोग थे। प्रचंड नेपाल के प्रधानमंत्री के साथ-साथ नेपाल की कम्युनिस्ट पार्टी के सशस्त्र अंग जनमुक्ति सेना के शीर्ष नेता हैं। सरेंडर के बाद पुलिस ने पाहन को 15 लाख का चेक सौंपा।

कुंदन पाहन के पास एक पेन ड्राइव है, जिसमें सारी चीजों का विस्तार से ब्योरा है। इनमें नक्सलियों के विदेशी लिंक, नेताओं से संपर्क, लेवी वसूलने के डिटेल्स, कहां कितने पैसे खर्च हुए, हथियारों में कितना पैसा लगा, मददगारों की सूची और उनके फोन नंबर मौजूद हैं।

बताया जाता है कि कुंदन पाहन ने साल 2000 में नक्सली संगठन ज्वाइन किया था. उसने कई बड़ी वारदातों को अंजाम दिया है। केंद्रीय गृह मंत्री रहे पी चिदंबरम की डायरी में झारखंड के इस नक्सली का नाम था।