petrol

नई दिल्ली, अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में आई नरमी की वजह से लगातार छठे दिन तेल कंपनियों ने पेट्रोल-डीजल के दामों में रोजाना कुछ पैसों की कटौती कर रही हैं। इंडियन ऑयल की वैबसाइट के मुताबिक पेट्रोल 15 पैसे और डीजल 14 पैसे सस्ता हुआ है। लगातार कटौती के चलते दिल्ली में पेट्रोल 78 रुपए और डीजल 69 रुपए प्रति लीटर के नीचे आ गया है।

देश के 4 महानगरों में पेट्रोल-डीजल की नई कीमतें
दिल्ली में पेट्रोल 15 पैसे सस्ता होकर 77.96 रुपए, कोलकाता में 80.60 रुपए, मुंबई 85.77, चेन्नई 80.94 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है। वहीं डीजल की बात करें तो दिल्ली में इसकी कीमत 14 पैसे घटकर 68.97 रुपए, कोलकाता में 71.52, मुंबई में 73.43 चेन्नई में 72.82 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है। रविवार को पेट्रोल में 9 पैसे की कटौती की गई थी। हालांकि, रविवार को डीजल सस्‍ता नहीं हुआ था।

कच्चे तेल में गिरावट
अंतर्राष्ट्रीय बाजार में पिछले महीने कच्चे तेल की कीमतें 80.50 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गई थी। इसके बाद से लगातार पेट्रोल-डीजल की कीमतों में इजाफा हो रहा था। अब कच्चे तेल की कीमतें फिसलकर 76.79 डॉलर प्रति बैरल पर आ गई हैं। यही वजह है कि पेट्रोल-डीजल की कीमतों में भी कटौती देखने को मिल रही है। वहीं, 22 जून को ओपेक देशों की होने वाली मीटिंग से पहले कीमतें स्थिर रहने का अनुमान है। ऐसे में तेल कंपनियां इसका फायदा आम आदमी को दे सकती हैं।

अभी और गिर सकते हैं क्रूड के दाम
सीनियर एनालिस्ट अरुण केजरीवाल के मुताबिक, अंतर्राष्ट्रीय बाजार में क्रूड की कीमतों में गिरावट आगे भी जारी रह सकती है। पिछले कुछ दिनों में आई गिरावट का फायदा आम आदमी को मिला है। अगर 22 जून को होने वाली ओपेक देशों की बैठक में कच्चे तेल में आगे कटौती न करने का फैसला होता है तो क्रूड में गिरावट और गहरा सकती है। यह 70 डॉलर प्रति बैरल तक जा सकता है। ओपेक देश और रूस ऐसे संकेत दे चुके हैं। इसका फायदा पेट्रोल-डीजल की कीमतों में देखने को मिलेगा। अगर क्रूड 70 डॉलर प्रति बैरल तक जाता है तो पेट्रोल-डीजल में 2 रुपए तक की कटौती हो सकती है।