shinzo and modi bullet train

जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे बुधवार 13 सितम्बर को भारत-जापान वार्षिक समिट में शामिल होने के लिए देश के गुजरात राज्य के अहमदाबाद शहर में पहुंचे थे, जहाँ उनका स्वागत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया था। इसके साथ ही जापानी प्रधानमंत्री शिंजो आबे को इस दौरान गार्ड ऑफ़ ऑनर दिया गया। गुरुवार को अपने दौरे के दौरान प्रधानमंत्री शिंजो पीएम मोदी के साथ मुंबई से अहमदाबाद बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट का शिलान्यास करेंगे।

2015 में हुई थी डील-
दोनों देशों के बीच बुलेट ट्रेन को लेकर 2015 में मेमोरेंडम साइन किया गया था। इसके अंतर्गत जापान में टोक्यो से कोब से बीच चलने वाली बुलेट ट्रेन की तर्ज पर मुंबई से अहमदाबाद के बीच ट्रेन चलाने का प्रस्ताव मंजूर किया गया था। पीएम मोदी ने नवंबर 2016 में अपने जापान दौरे के दौरान इस बुलेट ट्रेन में सफर किया था। उसी ट्रेन की टेक्नोलॉजी को भारत में इस्तेमाल किया जाएगा।

बुधवार को हुआ शानदार स्वागत-
बुधवार को पीएम मोदी ने खुद अहमदाबाद एयरपोर्ट पर शिंजो आबे का गले लगाकर स्वागत किया। इसके बाद शिंजो आबे को एयरपोर्ट पर ही गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। पीएम नरेंद्र मोदी और जापान के पीएम शिंजो आबे जॉइंट रोड शो के बाद साबरमती आश्रम पहुंचे थे।

पीएम मोदी, जापानी पीएम शिंजो आबे और उनकी पत्नी को डिनर के लिए अहमदाबाद के प्रसिद्ध ‘अगाशिए टैरेस’ रेस्तरां ले गए थे। यह रेस्तरां अपने शानदार नजारे और गुजराती जायके के लिए काफी मशहूर है। इन राष्ट्राध्यक्षों ने ‘जनतरंग’ संगीत का भी लुत्फ उठाया।

जापानी पीएम शिंजो आबे को उनके इस गुजरात दौरे पर खास भारतीय-गुजराती पकवानों से सजी थाली परोसी गई थी। गुजराती थाली में पालक जामुन, रसावाला बटाटा, उंधियू, भिंडा कढ़ी, गुजराती दाल, खिचड़ी, ड्राईफ्रूट्स पुलाव, पूरी, रोटी और बाजरा थेपला थे। वहीं स्वीट डिश में जापानी पीएम के लिए केसरिया जलेबी, आइसक्रीम और पेटिट फोर्स (खजूर के बॉल्स) रखे गए थे।