pm modi and shinzo abe in sidi syed masjid

जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे भारत पहुंच गए हैं। पीएम मोदी ने खुद अहमदाबाद एयरपोर्ट पर आबे का गले लगाकर पूरी गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। इसके बाद शि‍ंजो आबे को एयरपोर्ट पर ही गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। पीएम नरेंद्र मोदी और जापान के पीएम शिंजो आबे जॉइंट रोड शो के बाद साबरमती आश्रम पहुंचे।

दोनों ने आश्रम में मौजूद महात्मा गांधी की निजी स्मरणीय वस्तुओं को देखा। यहां दोनों पीएम ने महात्मा गांधी को श्रद्धा सुमन अर्पित किया और रिवर फ्रंट पर भी थोड़ा वक्त बिताया।

इसके बाद दोनों नेता मशहूर सीदी सैयद मस्जिद पहुंचे। प्रधानमंत्री मोदी खुद जापानी पीएम शिंजो आबे को सीदी सैयद मस्जिद की अहमियत और इतिहास के बारे में बता रहे हैं। इसके लिए उन्होंने खास तैयारी की है। यह मस्जिद संस्कृति और खूबसूरती का मिश्रण है। आपको बता दें कि पीएम बनने के बाद नरेंद्र मोदी पहली बार देश की किसी मस्जिद में गए हैं। पीएम मोदी ने 2015 में अबू धाबी के मशहूर शेख जायद मस्जिद का दौरा किया था। आबे अपने इस दौरे में पीएम मोदी के साथ मिलकर बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट की नींव रखेंगे।

इससे पहले पीएम नरेंद्र मोदी के साथ जापानी पीएम ने रोड शो में हिस्सा लिया। इस दौरान आबे और उनकी पत्नी परंपरागत भारतीय लिबास में दिखाई दी। वहीं रोड शो के दौरान लोग भारत और जापान का झंडा लेकर दोनों देशों की दोस्ती का स्वागत कर रहे थे। खुली जीप में रोड शो के दौरान भी आबे की पत्नी ने रास्ते में सभी राज्यों की झांकियों को अपने मोबाइल में कैद किया।

 

बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट का करेंगे अनावरण-
14 सितंबर को दोनों नेता सबसे पहले मुंबई-अहमदाबाद हाईस्पीड रेल प्रोजेक्ट का अनावरण करेंगे। यह भारत का पहला बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट है। इसके बाद दोनों नेता गांधीनगर स्थ‍ित महात्मा मंदिर में भारत-जापान एनुअल समिट में भाग लेंगे। यहां वह भारत और जापान की इंडस्ट्री के प्रतिनिधियों से संवाद करेंगे।