Firing,

पंजाब: नाभा जेल ब्रेक कांड का मुख्य आरोपी विक्की गौंडर शुक्रवार की शाम पुलिस मुठभेड़ में ढेर हो गया। पंजाब- राजस्थान बार्डर पर हुई इस मुठभेड़ में विक्की के साथ उसका दोस्त गैंगस्टर प्रेमा लाहौरिया भी मारा गया है। जबकि सुखप्रीत सिंह सुक्खा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने बताया कि पुलिस घायल सुक्खा को अबोहर के सरकारी अस्पताल ले गई जहां सुक्खा ने भी दम तोड़ दिया।

इस मुठभेड़ में दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए है। पंजाब के डीजीपी सुरेश अरोड़ा ने इस बात की पुष्टि की है। पंजाब के डीजी इंटेलिजेंस के बयान के अनुसार विक्की गौंडर गंगानगर जा रहा था। चंडीगढ़ से आर्गेनाईज्ड क्राइम कंट्रोल यूनिट ने यह एनकाउंटर किया है। इस टीम की तरफ से पिछले 5 दिनों से विक्की गौंडर को ट्रेस किया जा रहा था परन्तु आज जब यह टीम विक्की गौंडर का पीछा करती हुई ढाणी टूसी हिंदू मलकोट पहुंची तो इनके बीच मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में विक्की गौंडर मारा गया। मौके पर एसएसपी फाजिल्का भी पहुंच चुके हैं। शवों को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है, जिनको अबोहर के सिविल अस्पताल में पहुंचाया गया है।

सूत्रों ने बताया कि गौंडर पंजाब में आतंक का पर्याय बन गया था। नाभा जेल कांड के बाद वह चर्चा में आया। उसका लूटपाट सहित कई हत्याओं और मादक पदार्थ की तस्करी में हाथ था। उस पर दस लाख रुपए का इनाम घोषित था। प्रेम लाहौरिया पर पांच लाख रुपए का इनाम था। इस गिरोह का पंजाब में काफी आतंक था।