आंदोलन

कांग्रेस के उपाध्यक्ष राहुल गांधी आज यानी 1 अगस्त को लखनऊ के दौरे पर होंगे। राहुल गांधी यहां पर कांग्रेस नेता राज बब्बर से मुलाकात करेंगे। बता दें कि कांग्रेस नेता राज बब्बर लखनऊ के पास अंबेडकरनगर में धरने पर बैठे हैं।

यहां पर लोगों के घर को राष्ट्रीय राजमार्ग के निर्माण के लिए बिना मुआवजे ढहाये जाने का आरोप है। प्रभावित किसानों की समस्याओं को लेकर राज बब्बर ने पहले प्रशासन से बात की, जवाब से असंतुष्ट होकर वह अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए।

 

राज बब्बर जब डोंडो गांव पहुंचे तो स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उन्हें बताया कि यहां किसानों और ग्रामीणों पर जुल्म हो रहे हैं। बिना किसी नोटिस के उनके मकानों को गिरा दिया गया है और कोई मुआवजा भी नहीं दिया गया है। इसके बाद राज बब्बर के नेतृत्व में स्थानीय ग्रामीणों ने चल रहे बुल्डोजर को रुकवा दिया और राजमार्ग का निर्माण कार्य भी बंद करवा दिया।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग में आने वाले जितने भी मकान गिराए गए हैं, उसके कानूनी कागजात प्रशासन पेश करे या कार्यदायी संस्था का कार्य मुआवजा दिए जाने तक बंद करवा दिया जाए।