नई दिल्ली, 8 सितम्बर 2021

तीन बार के पैरालंपिक पदक विजेता देवेंद्र झाझरिया को इस साल के राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों के चयन समिति में शामिल किया गया है जबकि उच्चतम न्यायालय के रिटायर्ड न्यायाधीश और जस्टिस मुकुंदकम शर्मा को समिति का अध्यक्ष बनाया गया है। जानकारी के मुताबिक, अनुभवी मुक्केबाज सविता देवी, हॉकी कोच बलदेव सिंह, पूर्व राइफल शूटर अंजली भागवत और पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज वेंकटेश प्रसाद को भी चयन समिति में शामिल किया गया है।

 

झाझरिया ने आईएएनएस से कहा, मुझे बहुत खुशी है कि मुझे खेल मंत्रालय ने इस काबिल समझा। मेरे लिए यह गर्व की बात है।

 

झाझरिया ने हाल में ही संपन्न हुए टोक्यो पैरालंपिक में रजत पदक जीता था। इससे पहले उन्होंने 2004 और 2016 में स्वर्ण पदक अपने नाम किए थे।

 

चयन समिति अब कुछ दिनों के भीतर मिलकर विजेताओं की धोषणा करेगी। इस साल सरकार ने खेल पुरस्कार समारोह को देरी से कराने का फैसला किया था।

 

सरकार ओलंपिक और पैरालंपिक दोनों खेलों के समाप्त होने का इंतजार कर रही थी।

 

चयन समिति में भारतीय खेल प्राधिकरण के महानिदेशक संदीप प्रधान और पत्रकार विक्रांत गुप्ता और विजय लोकपल्ली भी शामिल हैं।

 

देश के लिए ओलंपिक में इस साल सबसे अधिक सात पदक आए जबकि पैरालंपिक में पांच स्वर्ण सहित 19 पदक आए।

 

इस वर्ष राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार का नाम बदलकर मेजर ध्यानचंद खेल रत्न कर दिया गया था।

 

खेल रत्न में 25 लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी जाती है, जबकि अर्जुन अवॉर्ड विजेता को 15 लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी जाती है।

 

कोचों के लिए द्रोणाचार्य पुरस्कार है। वार्षिक सम्मान में लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड, राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार और वर्ष 2021 के लिए मौलाना अबुल कलाम आजाद (माका) ट्रॉफी भी शामिल है।