sunil

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में शार्प शूटर सुनील शर्मा को पुलिस ने एनकाउंटर में ढेर कर दिया है। बता दें कि सुनील लखनऊ कोर्ट में पेशी के दौरान फरार हो गया था। इसके बाद पुलिस की 4 टीम इसकी तलाश में जुटी थी। शुकवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने ये कार्रवाई कर सुनील को मार गिराया।

पुलिस के मुताबिक, सुनील शर्मा को जुलाई में हरदोई जेल से लखनऊ कोर्ट पेशी पर लाया गया था, जहां से वो फरार हो गया था। 27 अगस्त को सुनील ने लखनऊ के सरोजनीनगर के एक व्यापारी को धमकी दी थी। व्यापारी ने सरोजनीनगर थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराई तब पुलिस को सुनील के लखनऊ में होने की जानकारी मिली।

पुलिस को शुक्रवार सुबह मुखबिर से सूचना मिली कि सुनील लखनऊ के मुंशी पुलिया के पास अपने एक साथी के साथ मौजूद है। पुलिस को देखते ही सुनील अपने साथी के साथ बाइक से भागने लगा। सुनील हजरतगंज होते हुए गोसाइगंज स्टेडियम के पास पहुंचा तो पुलिस की दूसरी टीम ने उसे घेर लिया। जब सुनील को सरेंडर करने को कहा गया तो उसने फायर कर दिया। इस पर जवाबी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उसे मार गिराया।

बता दें कि सुनील बिहार के सिवान जिले का रहने वाला था। सुनील पर बिहार में भी कई मुकदमें दर्ज हैं। यूपी के चर्चित गैंग सलीम-सोहराब से जान पहचान के बाद सुनील इस गैंग के लिए शार्प शूटर का काम करने लगा। साल 2013 में इसने लखनऊ कैंट से पार्षद रहे बसपा नेता श्याम नारायण पांडेय की हत्या कर दी। इस मामले में इसे गिरफ्तार कर लिया गया और हरदोई जेल में रखा गया था।