मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कल मेरठ के जिमखाना मैदान में जनसभा को संबोधित करेंगे। सभा में 10 हजार कार्यकर्ताओं को बुलाने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं रालोद अध्यक्ष चौधरी जयंत ने गठबंधन प्रत्याशियों के लिए निकाय चुनाव प्रचार करने को न कह दिया है। वह चुनावी जनसभा से भी दूरी बना रहे हैं। पढ़ें ताजा अपडेट।

अखिलेश यादव का नौ मई का बन रहा कार्यक्रम

अभी तक तैयारी थी कि सपा के राष्ट्रीय अखिलेश यादव सात मई को मेरठ आएंगे और गठबंधन प्रत्याशी के समर्थन में सभा करेंगे, मगर बुधवार को सपा पदाधिकारियों ने बताया कि अब यह सभा नौ मई को हो सकती है। हालांकि इसकी तस्वीर आज साफ होना बताया जा रहा है। जिलाध्यक्ष जयवीर सिंह ने बताया कि सभा का स्थान तय हो गया है। यह फतेहउल्लापुर रोड पर होगी।

गठबंधन प्रत्याशियों के प्रचार में शामिल नहीं होंगे जयंत

रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह ने निकाय चुनाव प्रचार से दूरी बना ली है। वह किसी भी जिले में चुनाव प्रचार नहीं करेंगे। उनकी ओर से चुनाव प्रचार की पूरी जिम्मेदारी जिला स्तर पर संगठन के पदाधिकारियों को सौंपी गई है।

नगर निकाय चुनाव में पूरी तरह से गठबंधन नहीं है। कई स्थानों पर रालोद और सपा के प्रत्याशी आमने-सामने चुनाव लड़ रहे हैं। रालोद और सपा कह भी चुके हैं कि कई स्थानों पर उनका दोस्ताना संघर्ष है। गठबंधन है, लेकिन यह अलग तरह का चुनाव होता है। लोकसभा चुनाव में गठबंधन रहेगा। रालोद के प्रदेश मीडिया संयोजक सुनील रोहटा ने बताया कि प्रदेश के प्रत्येक जिले में चुनाव प्रचार की जिम्मेदारी वहां के क्षेत्रीय नेताओं की होगी। मेरठ में भी चुनाव प्रचार की जिम्मेदारी पार्टी के विधायक, जिलाध्यक्ष व अन्य पदाधिकारियों को सौंपी गई है। यहां बता दें कि अभी दो दिन पूर्व भी सहारनपुर में आयोजित कार्यक्रम में भी जयंत चौधरी नहीं पहुंचे थे। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव सहारनपुर में थे, लेकिन जयंत वहां कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए।

मेरठ में होने वाली गठबंधन की चुनावी सभा से भी बनाई दूरी
मेरठ में सपा, रालोद और आसपा की ओर से गठबंधन प्रत्याशी के समर्थन में चुनावी सभा का कार्यक्रम है। इसमें सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव, रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह और आसपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद के इस सभा में आने की बात कही जा रही थी।

सीएम योगी की सुरक्षा में 100 दरोगा रहेंगे तैनात

मुख्यमंत्री की सुरक्षा में बड़ी संख्या में फोर्स लगाया जा रहा है। एसपी ट्रैफिक जितेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि आठ सीओ, 40 एसओ-इंस्पेक्टर, 100 दरोगा, तीन सौ आरक्षी, 100 ट्रैफिक पुलिसकर्मी और दो कंपनी पीएसी की तैनात की जा रही हैं।

डीएम ने विक्टोरिया पार्क और मवाना में देखी व्यवस्था  
डीएम दीपक मीणा और एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने बुधवार को विक्टोरिया पार्क और मवाना स्थित कृषक इंटर कॉलेज का निरीक्षण किया। विक्टोरिया पार्क से पोलिंग पार्टियां मतदान कराने के लिए रवाना होनी हैं। डीएम ने कहा कि शांतिपूर्ण, निष्पक्ष व सकुशल निकाय चुनाव संपन्न कराना है। सीडीओ शशांक चौधरी, अपर जिलाधिकारी वित्त पंकज वर्मा, एसडीएम मवाना अखिलेश यादव मौजूद रहे।

एक ही दिन में चार जिलों में जनसभा करेंगे सीएम 
मुख्यमंत्री शुक्रवार को एक ही दिन में चार जिलों में जनसभा करेंगे। मेरठ से पहले वे हापुड़ में जनसभा करेंगे। मेरठ के बाद बुलंदशहर और गाजियाबाद में जनसभा करेंगे। मुख्यमंत्री की सभा को लेकर कार्यकर्ता उत्साहित हैं। मुख्यमंत्री के बाद प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य भी मेरठ में जनसभा करेंगे।

Meerut News Live: मुख्यमंत्री योगी कल मेरठ में करेंगे जनसभा, प्रत्याशियों के लिए प्रचार को जयंत चौधरी की ना

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को जिमखाना मैदान में जनसभा को संबोधित करेंगे। उनके कार्यक्रम की तैयारियां शुरू हो गई हैं। बुधवार को पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों ने जिमखाना का निरीक्षण किया। वाहनाें की पार्किंग जीआईसी में बनाई जाएगी।

मुख्यमंत्री की जनसभा पांच मई को दोपहर 12 बजे प्रस्तावित है। हापुड़ में जनसभा करने के बाद वह हेलिकॉप्टर से पुलिस लाइन आएंगे। वहां से कार द्वारा जिमखाना मैदान पहुंचेंगे। मैदान में मंच बनाए जाने का कार्य बुधवार को शुरू हो गया। सुबह को सांसद राजेंद्र अग्रवाल, ऊर्जा राज्य मंत्री सोमेंद्र तोमर, विधायक अमित अग्रवाल, एमएलसी धर्मेंद्र भारद्वाज, महानगर अध्यक्ष मुकेश सिंघल और चुनाव संयोजक सुरेश जैन रितुराज ने मैदान का निरीक्षण कर व्यवस्था देखी। मुख्यमंत्री की सभा में 10 हजार कार्यकर्ताओं को बुलाने का लक्ष्य रखा गया है। ईव्ज चौराहे से बच्चा पार्क में ट्रैफिक रोक दिया जाएगा।