उत्तर प्रदेश में 350 से अधिक सीटों पर कमल का फूल खिलाने के लिए भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा गोरखपुर एवं कानपुर क्षेत्र की कमान संभालेंगे। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को क्षेत्र प्रभारी बनाया है। इसी तरह गृह मंत्री अमित शाह को ब्रज एवं पश्चिम और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को काशी एवं अवध क्षेत्र का प्रभारी नियुक्त किया है। दूसरी ओर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वंतत्र देव सिंह के साथ राष्ट्रीय और प्रदेश स्तरीय नेता सूबे में चुनाव प्रचार को गति प्रदान करेंगे।

गुरुवार को दिल्ली में उत्तर प्रदेश चुनाव को लेकर महत्वपूर्ण बैठक में भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को गोरखपुर क्षेत्र के क्षेत्र प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई। गोरखपुर क्षेत्र में 62 विधानसभा सीटे हैं जिसमें 27,637 बूथ हैं। 2017 के चुनाव में भाजपा ने 43 और सहयोगी दल ने 02 सीटों पर जीत हासिल की थी। 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा का गोरखपुर क्षेत्र में 60 से अधिक सीटें जीतने का लक्ष्य तय है। राष्ट्रीय मंत्री अरविंद मेनन को चुनाव प्रभारी बना कर क्षेत्र में सक्रिय किया है जबकि सांसद विवेक ठाकुर को सह चुनाव प्रभारी बनाया है। हर जिले में जिला प्रभारी और हर विधानसभा सीट पर विस्तारक को पहले ही तैनात किया है। विधायकों के बारे में फीडबैक लेने के साथ भाजपा के आला नेता गोरखपुर क्षेत्र के हर जिले में बैठके ले रहे हैं। फिलहाल इस अहम दायित्व को संभालने के बाद नड्डा 22 नवंबर को गोरखपुर बूथ अध्यक्षों की बैठक को संबोधित करने आ रहे हैं। पूर्वांचल में भाजपा एवं सहयोगी दलों को मिली थी 115 सीटें : 1990 के बाद से प्रदेश की राजनीति में पूर्वांचल की भूमिका काफी अहम रही है। प्रदेश की बागडोर संभालने के लिए पूर्वांचल में सफलता जरूरी है। भाजपा ने 2017 के विधानसभा चुनाव में पूर्वांचल के 28 जिलों में 164 सीटें में 115 पर भाजपा एवं सहयोगी दलों ने जीत हासिल की थी। इसमें गोरखपुर क्षेत्र की भूमिका भी काफी बड़ी थी। 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा यही सफलता दोहराने में जुटी है।

पूर्वांचल पर विरोधी दलों का भी जोर

2022 के विधानसभा चुनाव की दस्तक के साथ ही राजनीतिक दलों ने पूर्वांचल को ही अपना केंद्र बनाया है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने जहां प्रतिज्ञा रैली निकाली तो दूसरी ओर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव विजय रथ यात्रा लेकर गोरखपुर आए। बसपा भी गोरखपुर में बड़े सम्मेलन की तैयारी की रणनीति में जुटी है।

बूथ अध्यक्ष सम्मेलन की तैयारियों में जुटी भाजपा

गोरखपुर क्षेत्र के बूथ अध्यक्षों के सम्मेलन को लेकर भाजपा ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। 22 नवम्बर को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा चम्पा देवी पार्क में गोरखपुर क्षेत्र के अन्तर्गत सभी 12 जिलों के 27,637 बूथ अध्यक्षों के साथ संवाद करेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश चुनाव प्रभारी व केंद्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वंतत्र देव सिंह भी मौजूद रहेंगे। गुरुवार को भाजपा क्षेत्रीय कार्यालय पर महानगर व जिला इकाई की बैठक हुई। क्षेत्रीय अध्यक्ष डा. धर्मेन्द्र सिंह ने सम्मेलन को सफल बनाने का आह्वान करते हुए पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी। जिला प्रभारी अजय सिंह गौतम ने कहा कि प्रत्येक शक्ति केंद्रों को केंद्र बिंदु मानते हुए हम बूथ अध्यक्षों को कार्यक्रम तक पहुंचाने की व्यवस्था करेंगे। जिलाध्यक्ष युधिष्ठिर सिंह ने तैयारियों की जानकारी दी। बैठक में महानगर अध्यक्ष राजेश गुप्ता, ओम प्रकाश शर्मा, देवेश श्रीवास्तव, मनोज कुमार शुक्ल, चंद्रबाला श्रीवास्तव, हरिकेश राम त्रिपाठी,जगदीश चौरसिया आदि उपस्थित रहे।

हम सब के लिए गौरव की बात: बंधु उपेंद्र सिंह

भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष बंधु उपेंद्र सिंह कहते हैं कि राष्ट्रीय अध्यक्ष को गोरखपुर क्षेत्र की जिम्मेदारी मिलना हम सब के लिए गौरव की बात है। एक एक कार्यकर्ता चुनाव में जी जान से जुटेगा। भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ धर्मेंद्र सिंह कहते हैं कि उनके निर्देशन में पहले ही क्षेत्र के सभी जिलों में काम हो रहा है। उधर क्षेत्रीय महामंत्री प्रदीप शुक्ला, आईटी विभाग के क्षेत्रीय संयोजक अनादि प्रिय पाठक, महानगर आईटी पियूष मिश्रा एवं समीर सिंह ने भी हर्ष व्यक्त किया है।